ग्रेटर नोएडा में जल्द बनेगा बड़ा ड्रीम प्रोजेक्ट, अंतरिक्ष से दिखेगा नज़ारा
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:09 AM
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के निर्माण का कार्य शुरू करने की घोषणा की है, जो राज्य के सांस्कृतिक और फिल्म निर्माण क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इसके लिए बोनी कपूर और उनकी कंपनी के CEO आशीष भूटानी ने यमुना विकास प्राधिकरण (YDA) से जमीन का कब्जा पत्र प्राप्त किया। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए बोनी कपूर ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से शिलान्यास के लिए अनुरोध किया है। जैसे ही मुख्यमंत्री द्वारा समय दिया जाएगा वैसे ही शिलान्यास समारोह आयोजित किया जाएगा।
अंतरिक्ष से दिखेगा खूबसूरत नजारा
फिल्म सिटी के निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि इसका डिजाइन कनाडाई कंपनी फोरेक ने तैयार किया है, जो पहले यूनिवर्सल स्टूडियो और डिजनीलैंड जैसे प्रसिद्ध प्रोजेक्ट्स का डिजाइन कर चुकी है। यह फिल्म सिटी यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के सेक्टर-21 में स्थित 1,000 एकड़ जमीन पर बनाई जाएगी। पहले चरण में 230 एकड़ और दूसरे चरण में 670 एकड़ में निर्माण होगा। दूसरे चरण में एक विशाल 'ॐ' का प्रतीक बनेगा, जो इतना बड़ा होगा कि इसे अंतरिक्ष से भी देखा जा सकेगा।
वर्ल्ड क्लास सिटी के रूप में किया जाएगा निर्माण
बोनी कपूर ने इस प्रोजेक्ट के बारे में बताते हुए कहा कि, इसका निर्माण एक वर्ल्ड क्लास सिटी के रूप में किया जाएगा, जिसमें न केवल भारतीय फिल्म निर्माता, बल्कि विदेशी फिल्म निर्माता भी आकर अपनी फिल्मों की शूटिंग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि फिल्म सिटी में स्टूडियो के अलावा एक इंस्टीट्यूट भी होगा, जिसमें स्थानीय लोगों को फिल्म निर्माण की ट्रेनिंग दी जाएगी और उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। बोनी कपूर ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक पहलुओं को फिल्म सिटी में प्रमुखता से दिखाया जाएगा, ताकि राज्य की संस्कृति को फिल्मों में सही तरीके से प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने कहा कि कई लोग आए हैं और वादे किए हैं, लेकिन वे इस प्रोजेक्ट को पूरा करके दिखाएंगे। Greater Noida News