ग्रेटर नोएडा तहसील में किसान को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, लेखपाल की गुंडागर्दी का Video Viral
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 03:08 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के सदर तहसील परिसर में मंगलवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब अपनी जमीन की पैमाइश कराने पहुंचे एक किसान की कथित तौर पर तहसील में तैनात लेखपाल सुनील और एक प्राइवेट कर्मचारी यतीश कुमार गौड़ से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने किसान को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। यह पूरी घटना किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
जमीन की नपाई के लिए काट रहा था तहसील के चक्कर
बताया जा रहा है कि पीड़ित किसान बीते कई दिनों से अपनी जमीन की नपाई के लिए तहसील के चक्कर काट रहा था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। जब उसने मजबूर होकर जिलाधिकारी से शिकायत की, तो लेखपाल सुनील और कर्मचारी यतीश बौखला गए। किसान का आरोप है कि दोनों ने उससे पैसों की मांग की, गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।
वीडियो बनाने पर की मारपीट
इतना ही नहीं, जब किसान के परिजनों ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित किसान का कहना है कि प्राइवेट कर्मचारी यतीश कुमार गौड़ पर पहले भी अवैध वसूली और मारपीट जैसे आरोप लग चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां देखें वीडियो...
[video width="320" height="562" mp4="https://chetnamanch.com/wp-content/uploads/2025/05/sTkRD1Wd70wIAXRO.mp4"][/video]
जांच में दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
मामला सोशल मीडिया के जरिए जब प्रशासन के संज्ञान में आया तो एसडीएम चारुल यादव ने तत्काल प्रभाव से लेखपाल सुनील को सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया और तहसीलदार को पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि, जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।