अवैध निर्माण कर बनाई चार मंजिला इमारात, प्राधिकरण ने कहा कभी भी गिर सकती
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 01:38 PM
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इन दिनों अवैध निर्माण और खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। एक बार फिर तुस्याना गांव में अवैध निर्माण कर बिल्डिंग बनाकर लोगों की जान को खतरे में डालने के मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपियों ने बेसमेंट बनाकर खनन किया और चार मंजिला इमारत खड़ी कर दी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंट्रल नोएडा स्थित ईकोटेक तीन थाना की पुलिस ने प्राधिकरण की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
ग्रेटर नोएडा में इमारत बनाकर लोगों की जान को पैदा किया खतरा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि जय सिंह ने तुस्याना गांव की एक जमीन में अवैध तरीके से बेसमेंट समेत चार मंजिला इमारत बनाई है, यह जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन है। आरोपियों ने बेसमेंट बनाते समय उससे निकलने वाली मिट्टी को खनन कर बेचा है। जो बिल्डिंग बनाई गई है, उसमें लोग भी रह रहे हैं। बिल्डिंग कमजोर होने के चलते वह कभी भी गिर सकती है, जिससे इसमें रहने वाले लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। यदि कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए बिल्डिंग मालिक जिम्मेदार होगा। ऐसे में बिल्डिंग मालिक के खिलाफ काननू कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों के निरीक्षण में मिला अवैध निर्माण
ग्रेटर नोएडा के ग्राम सुत्याना में अवैध निर्माण कर बनाई गई बिल्डिंग का वर्क सर्किल द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आरोपी को निर्माण करने से रोका गया। इस दौरान आरोपी भी निर्माण बंद कर देते थे, लेकिन वहां से जाने के बाद आरोपी फिर से निर्माण शुरू कर देते थे। ऐसे में बीते दिनों ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों ने अवैध बिल्डिंग का निरीक्षण किया, जहां पर बेसमेंट समेत चार मंजिला इमारत बनी हुई थी, जिसकी प्रबल संभावना है कि यह बिल्डिंग कभी भी गिर सकती है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने निरीक्षण के दौरान आरोपी अवैध रूप से बिल्डिंग बनाने और खनन करने और लोगों की जान को खतरा डालने का मुकद्मा दर्ज कराया।