ब्रांडेड पानी की आड़ में चल रहा था मिलावट का धंधा, ग्रेटर नोएडा से बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:12 PM
Greater Noida News : अगर आप बाजार से बोतलबंद पानी खरीदते समय केवल ब्रांड देखकर निश्चिंत हो जाते हैं तो अब सतर्क हो जाइए। ग्रेटर नोएडा में नामी ब्रांड बिल्सेरी और ब्लेसरी के नाम पर फर्जी प्लांट साधारण बोरवेल का पानी बोतलों में भरकर बेच रहे थे। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे दो प्लांट्स पर छापेमारी की, जो बिना लाइसेंस के चलाए जा रहे थे।
इतनी बोतलें की गई जब्त
ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ऐसे पैकेज्ड वॉटर प्लांट्स को बंद कराया है, जो नामी ब्रांड्स जैसे बिल्सेरी और ब्लेसरी के नाम पर साधारण बोरवेल का पानी बोतलों में भरकर बेच रहे थे। ये दोनों प्लांट्स बिना किसी लाइसेंस और नियमों का पालन किए संचालित हो रहे थे। छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने इन फर्जी प्लांट्स से कुल 13,696 एक लीटर की पानी की बोतलें जब्त की गई।
नकली लेवल लगाकर किया जाता था सप्लाई
जानकारी के मुताबिक, जांच में पाया गया कि प्लांट्स में न तो पानी की गुणवत्ता की जांच की जा रही थी और न ही किसी प्रकार का फिल्ट्रेशन सिस्टम मौजूद था। इन बोतलों पर नकली लेबल लगाकर इन्हें नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाज़ियाबाद और दिल्ली तक सप्लाई किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में टीम ने कासना स्थित गुप्ता इंटरप्राइजेज और पैरामेट्रो वासर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड प्लांट्स को सील कर दिया है।
मिलावटी पानी स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक
दोनों मामलों में एडीएम कोर्ट में वाद दर्ज किया गया है, और हर प्लांट पर 10 लाख रुपये तक जुर्माने की कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि बोतलबंद पानी खरीदते समय सिर्फ ब्रांड नहीं, उसकी सील, लेबल और पैकिंग की जांच अवश्य करें, क्योंकि ऐसा मिलावटी पानी स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। Greater Noida News