Greater Noida: कॉलेज हॉस्टल गोलीकांड में दूसरे छात्र की भी मौत
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 07:24 AM
ग्रेटर नोएडा से बीते दिन एक सनसनीखेज खबर सामने आई थी। खबर यह थी कि, थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक निजी कॉलेज के हॉस्टल के कमरे में दो लड़कों ने आपस में गोली मार ली थी। इस घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे दूसरे छात्र की भी मौत हो गई है। Greater Noida News
यहां जानें पूरा मामला
ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क के एक निजी कॉलेज के नॉलेज पार्क थर्ड में स्थित हॉस्टल के कमरे में गोली चलने की सूचना थाना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि कमरे से कराहने की आवाज सुनाई दे रही थी जिसके बाद उसने वॉर्डन को इसकी सूचना दी। वॉर्डन ने कमरे का मेन गेट खोलने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं खुला। जब कमरे के पीछे सीढ़ी लगाकर देखा गया तो दो लड़के जमीन पर पड़े हुए थे जिनका काफी खून बह चुका था।
पुलिस ने बताया कि बालकनी में उतरकर शीशा तोड़कर दरवाजा खोला गया। कमरे में दीपक कुमार (22 वर्ष) पुत्र देवेला वेंकट निवासी चिलकुलरी आंध्र प्रदेश तथा देवांश चौहान (23 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी भगवान टॉकिज आगरा घायल अवस्था में जमीन पर पड़े हुए थे। मौके पर ही दीपक कुमार ने दम तोड़ दिया था जबकि देवांश की हालत गंभीर थी। दीपक कुमार एमबीए कॉलेज का छात्र था जबकि देवांश पीजीडीएम कोर्स का छात्र था। बता दें कि, गोलीबारी के लिए लाइसेंसी रिवॉल्वर का इस्तेमाल किया गया था। दीपक की कल मौके पर ही मौत हो गई थी। दिव्यांश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज सुबह दिव्यांश ने भी इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। Greater Noida News