
Baba Bageshwar / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जैतपुर में चल रही बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में सेवादार द्वारा महिला को उठाकर बैरिकेट के दूसरी तरफ फेंकने के मामले में थाना सूरजपुर पुलिस में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले की एक वीडियो गत दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि जैतपुर में बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में एक सेवादार द्वारा महिला को गोद में उठाकर बैरिकेड के दूसरी तरफ फेंकने की वीडियो वायरल हुई थी।
इस वीडियो में दिख रहा है कि उक्त सेवादार महिला को गोद में उठाकर लापरवाही पूर्वक बड़ी बेरहमी से बैरिकेड के दूसरी तरफ फेंक रहा है जिससे महिला को चोट आना स्वाभाविक है।
इस संबंध में कथा में शांति व्यवस्था, ड्यूटी प्रभारी के रूप में कार्यरत उप निरीक्षण कृष्ण कुमार यादव ने अज्ञात सेवादार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत कराया है।