ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ की जमीन पर चला बाबा का बुलडोजर
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:55 AM
Greater Noida News : शुक्रवार सुबह ग्रेटर नोएडा के हैबतपुर गांव में प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली, जब NGT के आदेश के तहत प्राधिकरण ने अवैध कब्जों पर बुलडोजर चला दिया। इस अभियान में करीब 30 हजार स्क्वायर मीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के डिवीजन वन के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि, यह कार्रवाई नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के निर्देशों के अनुपालन में की गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह भारी पुलिस बल के साथ टीम हैबतपुर गांव पहुंची और कब्जाधारियों को हटाकर सरकारी जमीन को खाली कराया गया।
अभियान के दौरान क्या हुआ?
कार्रवाई के दौरान गांव में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इकट्ठा हो गए। हालांकि पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के चलते अतिक्रमण हटाने का काम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मौके पर ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अधिकारी, बुलडोजर ऑपरेटर और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। प्रभात शंकर ने बताया, “आज की कार्रवाई में लगभग 30 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे न पनप सकें।”
तेज हो सकती है बुलडोजर की रफ्तार
प्रशासन का संदेश साफ है कि, सरकारी जमीन पर कोई कब्जा नहीं सहा जाएगा। एनजीटी के आदेश और अथॉरिटी की तत्परता से साफ है कि अब पर्यावरण और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए बुलडोजर की रफ्तार और तेज हो सकती है। Greater Noida News