बड़ी खबर: ग्रेटर नोएडा में पिता ने बेटी की हत्या कर खुद की आत्महत्या
Greater Noida Samachar:
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 04:46 AM
Greater Noida Samachar: ग्रेटर नोएडा से इस समय बड़ी खबर आ रही है। ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में एक पिता ने अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर खौफनाक कदम उठाया है। पिता ने पहले अपनी बेटी की हत्या की फिर खुद फांसी पर लटककर अपनी जान दे दी। पिता के द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम से परिवार में कोहराम मच गया है।
आखिर क्यों उठाया गया खौफनाक कदम?
ADCP ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि, थाना कासना पर डायल-112 के माध्यम से एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली। सूचना पर थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति फांसी से लटका हुआ है तथा एक युवती का शव पास में पड़ा हुआ है। पुलिस द्वारा जानकारी की गई तो ज्ञात हुआ कि एक व्यक्ति अशोक कुमार पुत्र पातीराम निवासी वाजिदपुर, थाना जगनेर, आगरा द्वारा कासना क्षेत्र के अंतर्गत सिरसा नई कॉलोनी में स्वयं का मकान बनाकर रह रहे थे। परिजनों से पूछताछ करने पर प्रकाश में आया कि अशोक कुमार द्वारा अपनी बेटी संजना के किसी लड़के के साथ प्रेम प्रसंग के चलते उसकी हत्या कर स्वयं को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई है। मृतको के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी मिली है कि पिता और पुत्री दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। जहां पिता को लड़की के प्रेम संबंध के बारे में पता चला। जानकारी के मुताबिक जब पिता ने अपनी बेटी की हत्या की तो अन्य परिजन रात में छत पर सो रहे थे। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।