बिलासपुर के आरजी मॉडर्न पब्लिक स्कूल में परमाली देवी मेमोरियल ताइक्वांडो प्रतियोगिता हुई। करीब 1000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर कस्बे में रविवार को परमाली देवी मेमोरियल ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। आरजी मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों से आए करीब 1000 बच्चों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं जेवर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र भाटी डाढ़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि नरेंद्र भाटी डाढ़ा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों के अंदर आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, इसलिए प्रत्येक खिलाड़ी को सकारात्मक सोच और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ खेलना चाहिए। खेलों में जीत हासिल करना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि अनुशासन के साथ भागीदारी करना और अपनी प्रतिभा को निखारना भी बड़ी उपलब्धि है। Greater Noida News
नरेंद्र भाटी डाढ़ा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। यदि उन्हें अच्छी शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के साथ खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाए तो वे भविष्य में देश को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे सकते हैं। खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे बच्चों के व्यक्तित्व का निर्माण होता है और उन्हें जीवन में सफलता हासिल करने की प्रेरणा मिलती है। Greater Noida News
प्रतियोगिता का आयोजन विजय अग्रवाल और रोहित सिंह के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को मुख्य अतिथि नरेंद्र भाटी डाढ़ा ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति और आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को खेलों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। कार्यक्रम में नमित भाटी, योगेश नागर, दीपक भाटी, गौरव नागर, शिवकुमार भाटी, अंकित भाटी और आशु घोंघौला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अतिथि, शिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन विजेता खिलाड़ियों के सम्मान और सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। Greater Noida News
विज्ञापन