बिल्डर ने कर दिया खेल, एक ही फ़लैट बुजुर्ग समेत दो को बेचकर हडपे करोड
Greater Noida
ग्रेटर नोएडा
चेतना मंच
01 Dec 2025 07:16 PM
Greater Noida: नोएडा ग्रेटर नोएडा में बिल्डरों द्वारा किए जा रहे धोखाधड़ी के मामले कोई नए नहीं है, लेकिन इस बार जालसाजों ने एक एजूकेशन एनजीओ खोलकर फ़लैट बेचने के नाम पर बुजुर्ग समेत दो लोगों को ठग लिया और एक ही फ़लैट दोनों को बेच दिया। हैरानी की बात है कि फ़लैट के जाली दस्तावेज बनाकर भी दोनों को दे दिए और दोनों ने उस पर लोन भी ले लिया। लोन न चुकाने पर बैंक ने जब फ़लैट पर नोटिस चस्पा किया, तो पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया। मामले में बुजुर्ग महिला जब नोएडा पुलिस के पास गई, तो वहां पर भी उसकी सुनवाई नहीं हुई। अंत में पीडिता ने कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश नोएडा ग्रेटर के थाना सूरजपुर पुलिस ने बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नोएडा के सेक्टर 100 में रहती है बुजुर्ग महिला
60 वर्षीय हेमलता शर्मा नोएडा के सेक्टर 100 में रहती है। उन्होंने वोकेशनल एजूकेशन फाउंडेशन के अध्यक्ष नवीन गुप्ता एवं अधिक्रत अधिकारी अभिजीत द्वारा ग्रेटर नोएडा में बनाई जा रही व्हाइट हाउस अपार्टमेंट में एक फ़लैट वर्ष 2015 में बुक कराया था। जिसका आज तक उन्हें पजेशन नहीं दिया गया और न ही रजिस्ट्री कराई गई। जबकि पीडिता ने 59 लाख 44 हजार का भुगतान भी कर दिया। बीते कुछ समय पूर्व महिला के ग्रेटर नोएडा के फ़लैट पर एक नोटिस चस्पा हुआ, तो पूरे मामले का भंडाफोड हो गया। कुछ दिन पहले बुजुर्ग महिला अपना फ़लैट देखने ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में गई थी. जहां पर एक नोटिस चस्पा हुआ था. जब महिला ने नोटिस पढा, तो उसके होश उड गए। यह नोटिस युनियन बैंक से भेजा गया था। जब महिला ने गहनता से जांच पडताल की, तो पता चला कि उसी फ़लैट को जालसाजों ने मुकेश कुमार गर्ग नामक शख्स को अक्टूबर 2014 में बेच दिया था। जिस पर मुकेश कुमार ने 50 लाख का लोन ले रखा था। जिसे चुकता न करने पर बैंक ने नोटिस चस्पा कर दिया। यह सुनकर महिला हैरान हो गई। Greater Noida:
नहीं हुई सुनवाई, तो कोर्ट में गुहार लगाई
बुजुर्ग महिला ने मामले की शिकायत नोएडा कमिश्नरेट के डीसीपी नोएडा से की, लेकिन वहां पर उसकी सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद महिला ने ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई। जहां पर कोर्ट ने ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस को मुकद़मा दर्ज करने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकद़मा दर्ज कर लिया है। वोकेशनल एजूकेशन फाउंडेशन के अध्यक्ष नवीन गुप्ता एवं अधिकृत अधिकारी अभिजीत के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। Greater Noida: