ग्रेटर नोएडा में 18 करोड़ की जमीन पर चला बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप
Greater Noida Samachar
ग्रेटर नोएडा
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:45 PM
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार शाम बिसरख ऐमनाबाद में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8900 वर्ग मीटर अर्जित जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस जमीन की अनुमानित कीमत 18 करोड़ रुपये आंकी गई है। Greater Noida Samachar
किया जा रहा था अवैध कब्जा
प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि खसरा संख्या 225 में उसकी अर्जित जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। मामला सीईओ एनजी रवि कुमार के संज्ञान में आते ही उन्होंने त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही एसीईओ सुमित यादव ने वर्क सर्किल-3 की टीम को मौके पर भेजा। जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होते ही शाम को कार्रवाई शुरू कर दी गई।
चल रही थी कमरे निर्माण की तैयारी
मौके पर आरएमसी प्लांट लगाया गया था, चारदीवारी बना ली गई थी और कुछ स्थानों पर कमरे निर्माण की तैयारी चल रही थी। इसके बाद वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम के नेतृत्व में मैनेजर रोहित गुप्ता और उनकी टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
एसीईओ सुमित यादव ने साफ कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इस कार्रवाई से यह संदेश स्पष्ट है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलता रहेगा। Greater Noida Samachar