
Chetna Manch Exclusive: ग्रेटर नोएडा। यूं तो रवि कुमार एनजी IAS अफसर हैं किंतु अब उन्हें एक और परीक्षा देनी पड़ रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO रवि कुमार एनजी की यह कोई मामूली परीक्षा नहीं है। इस परीक्षा में परीक्षा देने वाले व लेने वाले लोगों का बहुत कुछ दांव पर लगा हुआ है। आपको विस्तार से बताते हैं कि क्या है यह परीक्षा और कौन ले रहा है यूपी के वरिष्ठ IAS अफसर रवि कुमार एनजी की यह परीक्षा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO रवि कुमान एनजी को आज यानि 18 जुलाई 2023 को एक बड़ी व कड़ी परीक्षा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में तैनात होने के बाद आज उन्हें पहली बार जन आंदोलन का सामना करना पड़ रहा है। यह आंदोलन दुनियाभर में अन्नदाता कहे जाने वाले किसानों का आंदोलन है। इस आंदोलन से रवि कुमार एनजी कैसे निपटते हैं यह विषय आज की परीक्षा का सैलेबस है। मंगलवार की दोपहर 12.30 बजे एक परीक्षा शुरू होगी।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के किसान मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का दफ्तर घेरेंगे। घेराव का यह कार्यक्रम पूर्व घोषित कार्यक्रम है। इस आंदोलन की अगुवाई किसान सभा कर रही हैं किसान सभा के प्रवक्ता व किसान नेता डा. रुपेश वर्मा का दावा है कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के किसान मंगलवार से आर-पार की लड़ाई शुरू कर रहे हैं। 24 जून को किसानों के दो महीने के आंदोलन को सरकारी तंत्र ने छलावे से समाप्त करा दिया था। इस बार किसान पूरी तैयारी कर चुके हैं। या तो उनकी मांग पूरी की जाएगी या फिर वे प्राधिकरण के दफ्तर पर अपना कब्जा कर लेंगे। यही है प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी की 'सबसे बड़ी परीक्षा'। देखना यह है कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के बेहद करीबी रवि कुमार एनजी इस परीक्षा में पास होते हैं अथवा फेल।
इस बीच एक और घटनाक्रम घटित हुआ है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने मंगलवार को ही दोपहर 11.30 बजे प्रेस कांफ्रेंस करने का फैसला किया है। इस प्रेस कांफ्रेंस में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के सक्रिय सभी पत्रकारों को बुलाया गया है। इस प्रेस कांफ्रेंस के जरिए सीईओ क्या घोषणा करेंगे ? चेतना मंच की नजर इस पर बनी हुई है। हम सीधे प्राधिकरण कार्यालय से ही इस खबर को अपडेट करेंगे। Chetna Manch Exclusive