
ग्रेटर नोएडा लेटेस्ट न्यूज : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पुलिस को देखकर भाग रहे एक दस हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने लंगड़ा बना दिया है। ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा दो पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस द्वारा चलाई गई गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश 10 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर है।
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ डाढा गोल चक्कर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक बदमाश बगैर नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा है। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सुपरटेक गोल चक्कर की तरफ जाने वाले सर्विस रोड पर बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर आ रहे एक युवक को रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देखकर बाइक सवार भाग निकला। बदमाश को भागता देखकर पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया। हड़बड़ी में बाइक स्लिप हो गई जिसके बाद बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम अनिल उर्फ मल्ला पुत्र कालीचरण निवासी नट की मढैया बताया। तलाशी में इसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया अनिल उर्फ मल्ला थाना बीटा दो का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। वह मारपीट, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य मामलों में वांछित चल रहा था। लगातार वांछित चलने के कारण इस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी पर थाना बीटा 2 तथा थाना कासना में कई आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। घायल अनिल उर्फ मल्ला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।