ग्रेटर नोएडा के कोने-कोने में छिपे हैं अपराधी! एक क्लिक में मिलेगी सारी जानकारी
Greater Noida Samachar
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:29 AM
Greater Noida Samachar: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जुर्म का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस की सख्ती और कार्रवाई के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में चेतना मंच ने आपके लिए इलाके की तमाम बड़ी आपराधिक घटनाओं को एक ही रिपोर्ट में समेटा है, ताकि आपको अलग-अलग खबरें तलाशने की जरूरत न पड़े।
दबंगों ने पड़ोसी के घर में घुसकर बोला हमला
ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के शादीपुर छिडोली गांव में आपसी विवाद में कुछ दबंगों ने पड़ोसी के घर में घुसकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी। शादीपुर छिडोली गांव निवासी नसरत उर्फ नासिर ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 19 जुलाई की शाम को उनके पड़ोस में रहने वाले दिलशाद, चांद, दीन मोहम्मद, अनस, खुर्शीद व शहनाज जबरन उनके घर में घुस आए और गाली गलौज करने लगे। उसके भाई जुबेर ने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। धारदार हथियार के वार से उनका भाई जुबेर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। नुसरत के मुताबिक उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद
मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके भाई को उपचार के लिए बादलपुर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिकित्सकों ने दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि दबंग पूर्व में भी उन पर हमला कर चुके हैं। इस घटना के बाद भी उनके हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि वह जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने नसरत की शिकायत पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चला आ रहा है।
बच्चों के झगड़े में हुई परिजनों में मारपीट
बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद बड़ों में मारपीट हो गई। बच्चों की शिकायत करने गए युवक का पड़ोसी ने लोहे की रॉड मारकर सिर फोड़ दिया। पीड़ित ने थाना सूरजपुर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सूरजपुर की भोलनाथ कॉलोनी में रहने वाले आरिफ ने बताया कि 8 मार्च को उसके बेटे तथा पड़ोस में रहने वाले राजकुमार के बच्चों का आपस में झगड़ा हो गया था। झगड़े की जानकारी मिलने पर वह राजकुमार के घर पहुंचा और अपने बच्चों को समझने के लिए कहा। इस बात को लेकर राजकुमार आग बबूला हो गया और उसने गाली गलौज शुरू कर दी। उसने जब गाली-गलौज का विरोध किया तो राजकुमार ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान राजकुमार ने लोहे की रॉड से उसके सिर व शरीर पर वार कर दिए। रॉड लगने से उसका सिर फट गया और कई जगह चोंटे आई। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
इंस्टाग्राम पोस्ट पर उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करना एक व्यक्ति को खासा महंगा पड़ा। दादरी पुलिस ने ट्विटर हैंडल की पोस्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दादरी थाने में तैनात उप निरीक्षक राजेश बाबू ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीते दिनों ट्विटर हैंडल पर आजाद समाज पार्टी गौतमबुद्धनगर की इंस्टाग्राम आईडी पर एक पोस्ट किया गया था। इस पोस्ट में ग्राम घोड़ी बछेड़ा दादरी निवासी संगम सिंह रावल पुत्र ओमवीर सिंह रावल ने सांसद चंद्रशेखर उर्फ रावण के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी की थी। पोस्ट में संगम सिंह रावल ने गाली-गलौज करते हुए गांव में आने पर देख लेने की भी धमकी दी थी। इस पोस्ट में एक वर्ग के लोगों में रोष व्याप्त था। मामले की पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
चोरी की बाइक का बुलंदशहर में कटा चालान
जनपद गौतमबुद्धनगर क्षेत्र से चोरी की गई बाइक को वाहन चोर दूसरे जनपद में जमकर दौड़ा रहे हैं। इस बात का खुलासा चोरी के बाद वाहन स्वामी के पास आए चलान से हुआ। पीडि़त ने कासना थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम धनूवास निवासी सोनू सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 9 जुलाई की शाम को वह ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल आया था। उसने अपनी बाइक अस्पताल के बाहर खड़ी कर दी और काम से चला गया। कुछ देर बाद जब अस्पताल से वापस आया तो उसकी बाइक गायब थी। उसने अपनी बाइक की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। 9 जुलाई की देर शाम उसके मोबाइल फोन पर बाइक का चालान काटने का मैसेज आया। यह चालान हेलमेट न पहनने पर किया गया था। उसकी बाइक का चालान जनपद बुलंदशहर क्षेत्र में काटा गया था। चालान में बाइक चला रहे व्यक्ति की तस्वीर भी स्पष्ट नजर आ रही है। सोनू सिंह ने पुलिस को चालान की प्रति भी पुलिस को उपलब्ध कराई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बुलंदशहर में जिस स्थान पर चालान काटा है वहां की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।