
Greater Noida थाना इकोटेक 1 क्षेत्र में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कपड़े की एक फैक्ट्री पर धावा बोला। बदमाश गार्ड व अन्य कर्मचारियों को बंधक बनाकर फैक्ट्री से लाखों रुपए मूल्य के कपड़े के रोल को कैंटर में भर कर फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के भीतर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटे गए माल को बरामद कर लिया है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान ने बताया कि बीती रात्रि पीआरवी कंट्रोल 112 के माध्यम से एक व्यक्ति ने सूचना दी प्लॉट नंबर 263 ईकोटेक वन में रात्रि के समय तीन चार व्यक्तियों ने कंपनी में काम कर रही लेबर व गार्ड को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने कैंटर में कंपनी से कपड़े के रोल भर लिए और उन्हें लूट कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर तुरंत थाना इकोटेक वन, ईकोटेक 3 थाने की पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। दोनों थाना क्षेत्र की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए घटना के महज 2 घंटे के भीतर लूटे गए माल सहित कैंटर को सीआरपीएफ कैंप के पास से बरामद कर लिया। पुलिस ने दो बदमाशों को भी हिरासत में लिया है जबकि अन्य मौके से फरार हो गए हैं। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है और फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
नोएडा ग्रेटर- नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।