विज्ञापन
Greater Noida News: एसीपी ग्रेटर नोएडा के नेतृत्व में एक विशेष टीम पूरे मामले की जांच करेगी। पुलिस इस मामले में कई गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के मोनिका नागर हत्याकांड की जांच अब दादरी थाने से हटाकर क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। मामले में लगातार उठ रहे सवालों के बीच पुलिस कमिश्नरेट ने यह फैसला लिया है। जांच में लापरवाही के आरोप में दादरी थाने के एसएसआई को सस्पेंड भी कर दिया गया है।
मोनिका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि दादरी पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की। उन्होंने डीसीपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद ही केस दर्ज हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एसीपी ग्रेटर नोएडा के नेतृत्व में एक विशेष टीम पूरे मामले की जांच करेगी। पुलिस इस मामले में कई गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।
पुलिस अब तक मुख्य आरोपी अनुज चौहान और उसे पेट्रोल उपलब्ध कराने वाले एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर चुकी है।
पूरा मामला
मोनिका नागर की शादी तीन महीने पहले घोड़ी बछेड़ी गांव के अनुज चौहान से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। मोनिका अपनी मां के साथ बरौला गांव में रहती थी। उसके पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है।
आरोप है कि अनुज ने 7 मई को मोनिका की हत्या कर दी। जब परिजन घोड़ी बछेड़ी पहुंचे तो आरोपी शव को गाड़ी में रखकर भागने लगा। पीड़ित पक्ष ने पीछा किया तो आरोपी की स्कॉर्पियो ने उनके वाहन में टक्कर मार दी। इसके बाद मोनिका के शव को ग्रेटर नोएडा के जंगल में ले जाकर आग लगा दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाकर शव को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
इस मामले में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मोनिका फंदा लगाती हुई दिखाई दे रही थी। परिजनों का कहना है कि यह अधूरा और पुराना वीडियो है, जिसे हत्या को आत्महत्या साबित करने के इरादे से वायरल किया गया। पुलिस इस वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराएगी।
संपत्ति का लालच
पिता की मौत के बाद नोएडा में करोड़ों रुपये की संपत्ति मोनिका के नाम पर आ गई थी। परिजनों का आरोप है कि अनुज ने इसी संपत्ति के लालच में मोनिका से शादी की। शादी से पहले अनुज ऑटो चलाता था। शादी के बाद मोनिका की प्रॉपर्टी करोड़ों में बेच दी गई। इसके बाद आरोपी ने स्कॉर्पियो खरीदी। बताया जा रहा है कि उसके पास फॉर्च्यूनर भी है। Greater Noida News
विज्ञापन