ग्रेटर नोएडा में तेज बाइक सवारों की दबंगई, महिलाओं से की मारपीट

पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने महिलाओं समेत परिवार के कई सदस्यों को निशाना बनाया। घटना के बाद शिकायत थाना जेवर पुलिस तक पहुंची, जिसके आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर में महिलाओं से मारपीट
ग्रेटर नोएडा के जेवर में महिलाओं से मारपीट
locationभारत
userअभिजीत यादव
calendar06 Mar 2026 03:18 PM
bookmark

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र स्थित थोरा गांव में तेज रफ्तार बाइक ने ऐसा बवाल खड़ा कर दिया, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। आरोप है कि गली में लापरवाही से बाइक दौड़ा रहे युवकों का जब एक परिवार ने विरोध किया, तो मामला बहस से बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने महिलाओं समेत परिवार के कई सदस्यों को निशाना बनाया। घटना के बाद शिकायत थाना जेवर पुलिस तक पहुंची, जिसके आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

थोरा गांव में रफ्तार बनी विवाद की वजह

मिली जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के थोरा गांव निवासी डालचंद ने पुलिस में दी गई शिकायत में बताया कि 3 मार्च को उनका पांच वर्षीय बेटा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान गांव के ही रवि और सूर्या पुत्र सुंदर तेज गति से बाइक चलाते हुए उनकी गली में पहुंच गए। परिवार का आरोप है कि बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि उनका मासूम बेटा हादसे का शिकार होते-होते बच गया। बताया गया है कि इस घटना के बाद डालचंद की पत्नी प्रीति और उनके छोटे भाई की पत्नी गुड्डी देवी ने युवकों को तेज रफ्तार में बाइक चलाने से रोका और एतराज जताया। आरोप है कि इतना कहना ही बाइक सवार युवकों को नागवार गुजरा और दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसा तक पहुंच गया।

जेवर थाने में मुकदमा दर्ज

पीड़ित परिवार का कहना है कि रवि और सूर्या ने डंडे और फावड़े से महिलाओं पर हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। ग्रेटर नोएडा के इस गांव में हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाद में आसपास के लोगों और पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह परिवार को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते-जाते दोनों युवक परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल महिलाओं और परिजनों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव की संकरी गलियों में तेज रफ्तार वाहन चलाना पहले भी खतरे की वजह बन चुका है, लेकिन इस तरह विरोध करने पर हमला होना बेहद गंभीर है। ग्रेटर नोएडा पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना जेवर में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। Greater Noida News

संबंधित खबरें

अगली खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में बढ़ीं चोरी की वारदातें, खड़ी कार से सामान ले उड़े चोर

वहीं, ग्रेटर नोएडा के इसी इलाके में एक अन्य व्यक्ति की बाइक भी चोरी हो गई। दोनों मामलों ने ग्रेटर नोएडा में वाहन और सामान की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा में चोरों के हौसले बुलंद
ग्रेटर नोएडा में चोरों के हौसले बुलंद
locationभारत
userअभिजीत यादव
calendar06 Mar 2026 02:18 PM
bookmark

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। थाना सूरजपुर क्षेत्र में बदमाशों ने एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा लैपटॉप और पर्स चोरी कर लिया। वहीं, ग्रेटर नोएडा के इसी इलाके में एक अन्य व्यक्ति की बाइक भी चोरी हो गई। दोनों मामलों ने ग्रेटर नोएडा में वाहन और सामान की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साप्ताहिक बाजार के पास वारदात

मिली जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईटा-2 निवासी संदीप कमल ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। संदीप एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 9 फरवरी की रात वह ऑफिस से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 मेट्रो स्टेशन के पास लगने वाले साप्ताहिक बाजार में सब्जी लेने के लिए रुके।

संदीप ने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की और कुछ देर के लिए बाजार के अंदर चले गए। जब वह वापस लौटे, तो कार का शीशा टूटा हुआ मिला। कार के भीतर रखा लैपटॉप और पर्स गायब था। पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस के साथ बैंक के डेबिट और क्रेडिट कार्ड भी रखे हुए थे। इस घटना के बाद पीड़ित ने थाना सूरजपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

ग्रेटर नोएडा में बाइक चोरी का भी मामला

उधर, ग्रेटर नोएडा के ग्राम नगला चरणदास निवासी अजय कुमार ने भी बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अजय कुमार के मुताबिक, वह 27 फरवरी को अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक से देवला गांव गए थे। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे, तो उनकी बाइक वहां से गायब मिली। अजय कुमार ने अपने स्तर पर बाइक की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने थाना सूरजपुर में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। ग्रेटर नोएडा में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस का कहना है कि दोनों पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि ग्रेटर नोएडा में चोरी की इन वारदातों का जल्द खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। Greater Noida News

संबंधित खबरें

अगली खबर पढ़ें

सीएम योगी ने ग्रेटर नोएडा को दी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा की सौगात

उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों, उन्नत उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम का निरीक्षण किया तथा इसे प्रदेश के सुदृढ़ होते स्वास्थ्य ढांचे की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया।

स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
locationभारत
userअभिजीत यादव
calendar05 Mar 2026 07:16 PM
bookmark

Greater Noida News : राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा और पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में 300 बेड वाले केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों, उन्नत उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम का निरीक्षण किया तथा इसे प्रदेश के सुदृढ़ होते स्वास्थ्य ढांचे की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया। देश की 1983 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता की पहल से स्थापित यह आधुनिक स्वास्थ्य संस्थान अब गौतम बुद्ध नगर और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को उच्चस्तरीय, सुलभ और भरोसेमंद चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगा। 

चार प्रमुख चिकित्सा केंद्रों पर आधारित है व्यवस्था

ग्रेटर नोएडा में स्थापित केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की चिकित्सा सेवाएं चार प्रमुख सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और क्रिटिकल केयर मेडिसिन पर केंद्रित हैं। अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, मल्टी-स्पेशियलिटी आईसीयू, कैथेटराइजेशन लैब, अत्याधुनिक इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा यहां रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन से जुड़ी आधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाओं के साथ कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, जॉइंट रिप्लेसमेंट और पीडियाट्रिक्स सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

एनसीआर के लोगों को मिलेगी किफायती और आधुनिक चिकित्सा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में इस आधुनिक अस्पताल की स्थापना क्षेत्र के नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बेहद जरूरी है। यह अस्पताल न केवल ग्रेटर नोएडा बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुलभ और किफायती इलाज उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कपिल देव और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की संस्थाएं समाज में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सेवा की असली पहचान केवल अत्याधुनिक तकनीक से नहीं होती, बल्कि यह इस बात से तय होती है कि सेवा कितनी सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय है। मरीज जब डॉक्टर के पास जाता है तो वह केवल इलाज नहीं, बल्कि भरोसा लेकर जाता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का व्यवहार और संवेदनशीलता मरीज के मनोबल को बढ़ाती है। कई बार डॉक्टर का सकारात्मक व्यवहार ही मरीज की आधी बीमारी दूर कर देता है। चिकित्सा सेवा में दवा और दुआ दोनों का महत्व है। जब डॉक्टर समर्पण के साथ सेवा करते हैं तो उन्हें मरीजों की दुआ भी मिलती है।

आयुष्मान भारत से करोड़ों लोगों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि देश में लगभग 60 करोड़ लोग इस योजना के दायरे में हैं और उत्तर प्रदेश इसके क्रियान्वयन में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 60 लाख से अधिक आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से पात्र लोग सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज करवा सकते हैं।

उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 तक देश में केवल 6 एम्स कार्यरत थे, जबकि आज 23 एम्स और कई विश्वस्तरीय स्वास्थ्य संस्थान काम कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी स्वास्थ्य ढांचे में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में मात्र 17 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि आज “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” के लक्ष्य के तहत प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि यदि केडीएसजी समूह भविष्य में मेडिकल कॉलेज स्थापित करना चाहता है तो राज्य सरकार उसका स्वागत करेगी।

ग्रेटर नोएडा में रोजगार के नए अवसर

ग्रेटर नोएडा में स्थापित इस अस्पताल से क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 300 बेड के इस अस्पताल के संचालन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 1000 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। इसमें डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन और अन्य कर्मचारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज तेजी से विकास के नए चरण में आगे बढ़ रहा है और देश की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ इंजन की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से गौतम बुद्ध नगर और ग्रेटर नोएडा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां जल्द ही जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने जा रहा है, जो देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इसके साथ ही मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, मेडिकल डिवाइस पार्क और कई औद्योगिक परियोजनाएं इस क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही हैं।

कपिल देव ने बताया अस्पताल की स्थापना का उद्देश्य

इस अवसर पर कपिल देव ने कहा कि केडीएसजी की स्थापना इस सोच के साथ की गई है कि स्वास्थ्य सेवाएं आदर्श, सुलभ और पूरी तरह मरीज केंद्रित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर को ऐसी संस्था की आवश्यकता थी और अब इस सपने को साकार होते देख उन्हें गर्व महसूस हो रहा है।

अनुभवी हेल्थकेयर समूह करेगा अस्पताल का संचालन

ग्रेटर नोएडा के इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन अजींक्य डीवाई पाटिल हेल्थकेयर द्वारा किया जाएगा। यह संस्थान डॉ. अजींक्य डीवाई पाटिल के नेतृत्व में संचालित हेल्थकेयर समूह है, जिसके पास चार दशकों से अधिक का संस्थागत अनुभव है। मजबूत क्लीनिकल गवर्नेंस और व्यवस्थित संचालन प्रणाली के आधार पर यह समूह अस्पताल की सेवाओं को संचालित करेगा।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

ग्रेटर नोएडा में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार के कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य नरेन्द्र भाटी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और अस्पताल प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। Greater Noida News

संबंधित खबरें