
Greater Noida : उत्तर प्रदेश की आधुनिक सिटी ग्रेटर नोएडा और नोएडा समेत पूरे एनसीआर की विभिन्न सोसायटियों में लगी लिफ्ट के अटकने के मामलों में कोई कमी नहीं आ रही है। सोसायटी मैनेजमेंट इनकी ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा में फिर से दो लिफ्ट अटक गई, जिस कारण एक दर्जन नागरिक करीब आधा घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख कोतवाली क्षेत्र की लॉ रेजिडेंशियल सोसायटी में लगीं दो लिफ्ट अचानक से अटक गई। लिफ्ट के अंदर 8 स्कूली बच्चे सहित 12 नागरिक मौजूद थे। सभी के सभी लिफ्ट में ही फंसे रहे। लिफ्ट दूसरे और तीसरे फ्लोर के बीच अटकी थी। आधा घंटे बाद सोसायटी के लोगों ने सभी को लिफ्ट से बाहर निकाला।
लॉ रेजिडेंशियल सोसायटी में रहने वाले एक नागरिक ने बताया कि दो अलग-अलग लिफ्ट में स्कूली बच्चे अपने परिजनों के साथ आधे घंटे से अधिक समय तक अंदर फंसे रहे। लिफ्ट के अटकने के दौरान इमरजेंसी बटन भी काम नहीं कर रहा था। उन्होंने ने बताया कि दो अलग-अलग लिफ्टों में कुल 12 लोग फंसे थे। यह दोनों लिफ्ट दूसरे और तीसरे फ्लोर पर आकर अटकी थीं।