
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना कासना पुलिस ने कंपनी में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक टूटी हुई तिजोरी, चोरी के 6 लैपटॉप, 5 मॉनिटर, एलइडी टीवी व नकदी बरामद हुई है।
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि विगत 8 नवंबर को ईकोटेक 1 स्थित शिहोन ली कंपनी में चोरी की घटना हो गई थी। चोर कंपनी से तिजोरी, मॉनिटर, कीबोर्ड, लैपटॉप व एलईडी को चोरी कर ले गए थे। कंपनी के मैनेजर सागर कपूरवाण निवासी गाजियाबाद की शिकायत पर थाना कासना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने मुखबिर की सूचना पर आकाश पुत्र धर्मपाल सिंह, विकास पुत्र सतीश व योगेंद्र कुमार पुत्र वेद प्रकाश को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
नोएडा के थाना फेस-3 पुलिस ने घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पकड़ा गया आरोपी दरवाजा खुला देखकर घरों में घुसकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामूरा गांव में एक चोर आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ललितपुर विजय बहादुर निवासी सदर कोतवाली जिला मेरठ को दबोच लिया। इसके पास से चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घरों में घुसकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। उसने मामूरा, बहलोलपुर, गढ़ी चौखंडी गांव में चोरी की गई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चोरी के मोबाइल फोन राह चलते लोगों को बेच देता था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।