
Greater Noida (चेतना मंच)। आकाश इंस्टीट्यूट में एडमिशन कराने के नाम पर एक जालसाज ने महिला से 60 हजार रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी और उसके भाई ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित महिला ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा के पाशर्वनाथ प्लैटिनम सोसाइटी में रहने वाली महिला ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दो बच्चों की मेडिकल की तैयारी के लिए अच्छे इंस्टीट्यूट की तलाश कर रही थी। इस दौरान हिमांशु रघुवंशी ने आकाश बाईजूस का एडमिशन काउंसलर बनकर उससे फोन पर संपर्क किया। हिमांशु ने उसके दोनों बच्चों का आकाश इंस्टीट्यूट में एडमिशन कराने का आश्वासन दिया।
एडमिशन कराने के नाम पर उसने 60,000 रूपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए और विश्वास दिलाया कि कुछ दिनों बाद आकाश इंस्टीट्यूट की दिल्ली ब्रांच में बच्चों का एडमिशन कराकर उन्हें स्टडी मैटेरियल दिलवा देगा। कई महीने बीत जाने के बाद भी एडमिशन नहीं हुआ तो उसने हिमांशु रघुवंशी से एडमिशन कराने अथवा पैसे वापस करने की मांग की।
Also Read - Noida News : विवादित जमीन बेचकर पहले हड़पे ढाई करोड़ और अब मांगे 8 करोड़, मुकदमा दर्जमहिला के मुताबिक उसने जब आकाश इंस्टीट्यूट की ब्रांच के बारे में जानकारी की तो पता चला कि हिमांशु रघुवंशी बाईजूस और आकाश इंस्टीट्यूट में नौकरी नहीं करता है। महिला ने बताया कि ठगी का पता चलने पर जब वह हिमांशु द्वारा बताए गए उसके सेक्टर-151 में स्थित आवास पर पहुंची। समिति के प्रेसिडेंट ने बीच बचाव करते हुए जल्द पैसे दिलाने का आश्वासन दिया।
कई माह बीतने के बाद भी जब पैसे नहीं मिले तो उसने फोन कर अपने पैसे वापस मांगे। इस पर हिमांशु रघुवंशी और उसके भाई दीपांशु रघुवंशी ने गाली गलौज करते हुए उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। थाना नॉलेज पार्क प्रभारी ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मामला न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। Greater Noida News