ग्रेटर नोएडा के 64 गांवों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी योजना तैयार की गई है। प्राधिकरण ने ग्रामीण आबादी क्षेत्रों से लेकर एयरपोर्ट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग तक नई व्यवस्था बनाने की तैयारी की है। पढ़े पूरी खबर।

Greater Noida News:ग्रेटर नोएडा के 64 गांवों में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब गांवों के विकसित आबादी क्षेत्रों की सड़कें भी आधुनिक LED स्ट्रीट लाइटों से रोशन होंगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गांवों और प्रमुख मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 8.88 करोड़ रुपये की दो बड़ी परियोजनाएं तैयार की हैं। इन योजनाओं से ग्रामीणों, किसानों और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने दोनों परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग ने इनका बजट तैयार किया है। अब जल्द ही दोनों परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।
प्राधिकरण की पहली परियोजना के तहत 64 गांवों के विकसित आबादी क्षेत्रों में LED स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस योजना पर करीब 5.18 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
योजना के अंतर्गत गांवों के 6 प्रतिशत और 10 प्रतिशत विकसित आबादी क्षेत्रों की सड़कों पर 30 से 40 वाट क्षमता वाली आधुनिक LED लाइटें लगाई जाएंगी। इससे उन किसानों और ग्रामीण परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें प्राधिकरण की ओर से आबादी भूखंड आवंटित किए गए हैं और जो इन भूखंडों पर मकान बनाकर रह रहे हैं। अभी कई ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। नई स्ट्रीट लाइटें लगने से इन इलाकों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
प्राधिकरण की इस योजना में घंघोला, दलेलगढ़, बागपुर, लडपुरा, रामपुर माजरा, पचायतन, गिरधरपुर आजमपुर, कनारसी, तालड़ा, झालड़ा, रोशनपुर, जुनैदपुर, सिरसा, नटों की मढ़ैया, कासना, बूढ़ा, घरबरा, मुर्शिदपुर, चुहरपुर खादर, बरसात, खानपुर, इमलियाका, लुक्सर, पीपलका, नियाना, सलेमपुर गुर्जर, हतेवा, नवादा, दादूपुर, चचुला, रिठौरी, रामपुर फतेहपुर, डाबरा, डाढ़ा, रायपुर बांगर, अजायबपुर, मायचा, बिरौंडी, मथुरापुर, क्यामपुर, ऐच्छर, बिरौंडा, बल्ला की मढ़ैया, अटाई मुरादपुर, ननुआ का राजपुर, समसपुर, तिलवाड़ा, कुलीपुरा, देवटा, ईसेपुर, जानीपुरा, बुलंदखेड़ा, रौनी, अस्तौली, पौव्वारी, अमरपुर, चीरसी, पचायतन का खेड़ा, खेरली हाफीजपुर, पतलाखेड़ा और मंडी श्याम नगर समेत 64 गांव शामिल हैं।
दूसरी परियोजना के तहत 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक प्रस्तावित बसवे के किनारे स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस परियोजना पर करीब 4.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग औद्योगिक, आवासीय और संस्थागत सेक्टरों को जोड़ने के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यातायात के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग पर बढ़ते यातायात को देखते हुए बसवे विकसित किया जा रहा है। योजना के तहत 8, 9, 10 और 12 मीटर ऊंचाई वाले पोल पर आधुनिक LED स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और अन्य यात्रियों को बेहतर रोशनी मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य गांवों और प्रमुख मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इससे रात के समय आवागमन अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि किसानों और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों में गांवों के विकसित आबादी क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग उठाई गई थी। प्राधिकरण ने इस मांग को ध्यान में रखते हुए दोनों योजनाएं तैयार की हैं।
दोनों परियोजनाओं पर कुल करीब 8.88 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें 64 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5.18 करोड़ रुपये और 130 मीटर चौड़ी सड़क के बसवे के लिए 4.70 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। प्राधिकरण जल्द ही इन कार्यों के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी के माध्यम से लाइटें लगाने का काम शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन