
Greater Noida News : (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के पुलमेरिया गार्डन सोसाइटी में एक 80 वर्ष के वृद्ध ने 15वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रेटर नोएडा में रह रहे वृद्ध की पत्नी का कुछ माह पूर्व निधन हो गया था। जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। वृद्ध की मौत से पूरे ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
जुनपत गांव के पास बनी पुलमेरिया गार्डन सोसाइटी में 15वीं मंजिल पर 80 वर्षीय ओमप्रकाश बावेजा अपने बेटे और बहू के साथ रह रहे थे। शनिवार की सुबह उन्होंने 15वीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। ओम प्रकाश बावेजा को जमीन पर खून से लथपथ पड़ा देखकर गार्डों ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। ओम प्रकाश बावेजा के जिंदा होने की आस में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना सूरजपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ओमप्रकाश बावेजा की पत्नी का गत फरवरी माह में निधन हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। इसके अलावा वह शुगर, हाई बीपी तथा हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों से भी ग्रसित थे। परिजनों ने बताया कि ओमप्रकाश पूर्व में भी एक बार आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे। वृद्ध द्वारा यह खौफनाक कदम उठाए जाने से सोसाइटी में रहने वाले लोग स्तब्ध हैं।
Noida News : अब कियोस्क योजना में कोई नहीं लगा पाएगा मनमानी बोली
नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के नगला चरणदास गांव में एक युवक ने सल्फास की गोलियां खा ली। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि नगला चरण दास गांव निवासी 18 वर्षीय नीरज को परिजनों ने गंभीर स्थिति में यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया।
उपचार के दौरान नीरज ने चिकित्सकों को बताया कि उसने सल्फास की गोलियां खा ली हैं। चिकित्सकों के काफी प्रयास के बावजूद भी नीरज की जान नहीं बच सकी और उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक ने सल्फास की गोलियां किस वजह से खाई थी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। Greater Noida News