
Greater Noida: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध जनपद के दादरी क्षेत्र में एक कबाड़ के गोदाम में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। आग लगने से दो ट्रक जलकर भस्म हो गए। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गई गाड़ियों ने छह घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार दादरी क्षेत्र स्थित कबाड़ के एक गोदाम में देर रात करीब साढ़े बारह बजे अचानक आग लग गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग की लपटे उठती देखकर आसपास रहने वाले लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
लोगों ने दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद आनन फानन में पहुंची दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाने का काम शुरु किया, लेकिन आग बढ़ती ही गई और एक के बाद एक छह गाड़ियां बुलानी पड़ी। छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से कबाड़ के गोदाम के पास खड़े दो ट्रक जलकर भस्म हो गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि 12:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर दमकल की 6 गाड़ियां पहुंची और लगभग साढ़े 6 घंटों में आग पर काबू पाया गया। इसमें दो ट्रक जल गए हैं, कोई जनहानि नहीं हुई है।