
Greater Noida : (चेतना मंच)। थाना बिसरख क्षेत्र के चिपयाना गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार की देर शाम को थाना बिसरख पुलिस को सूचना मिली थी कि चिपयाना गांव के पास एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक रेलवे का टिकट बरामद हुआ। यह टिकट गाजियाबाद से दनकौर तक के लिए था।
मृतक के पास से मिले कागजों के आधार पर उसकी शिनाख्त अंशुल कुमार पुत्र विनोद कुमार (26 वर्ष) निवासी औरैया के रूप में हुई। अंशुल कुमार हाल में भंगेल गांव में किराये पर रह रहा था और सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अंशुल ने आत्महत्या की है अथवा वह ट्रेन हादसे का शिकार हुआ है।