
Greater Noida : (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा स्थित एनआईएमटी (NIMT) के कैंपस में एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मूलरूप से ग्राम महतो एटा का रहने वाला 19 वर्षीय ईशु पुत्र इंद्रपाल एनआईएमटी के हॉस्टल में हाउस कीपिंग का काम करता था। शुक्रवार को उसका शव हॉस्टल के कैंपस में पेड़ पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ईशु ने आत्महत्या की है। उसका अपने परिजनों से किसी बात को लेकर वाद विवाद हो गया था, जिसको लेकर वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। हॉस्टल में उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से गुमसुम चल रहा था। आत्महत्या के अलावा अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
थाना दादरी क्षेत्र के इंडियन पेट्रोल पंप के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। परिजनों के मुताबिक युवक पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहा था। थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली कि पेट्रोल पंप के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान नई आबादी निवासी सरफराज पुत्र यूनुस के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सरफराज पिछले काफी समय से बीमार चल रहा था और नशे का आदी भी था। इस कारण घरवाले उसे अपने साथ नहीं रखते थे। वह सडक़ों पर ही अपना जीवन यापन कर रहा था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।