
Greater Noida : (चेतना मंच)। ग्राम बनवारीबास में धान के खेत में पानी दे रहे युवक को मारपीट कर अधमरा करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ थाना जेवर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी पीडि़त परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
ग्राम बनवारी वास निवासी हरकेश शर्मा ने पुलिस में की शिकायत में बताया कि गाड़ी से उसका भतीजा सचिन व निशांत ट्रैक्टर से जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में जमा पानी में ट्रैक्टर का पहिया उतरने से कुछ छींटे रोही गांव निवासी राहुल के ऊपर गिर गए। इस बात को लेकर राहुल व उसके साथियों ने सचिन उसके भाई निशांत के साथ मारपीट की। दोनों किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचे।
हरकेश शर्मा के मुताबिक कुछ ही देर बाद राहुल अपने भाई विपिन हरेंद्र प्रवीण तथा नरेश में कुछ अन्य लोगों को साथ लेकर उनके खेत पर जा धमका। खेत पर धान की फसल में पानी लगा रहे उसके बेटे रोहित शर्मा के साथ आरोपियों ने लाठी डंडों से जमकर पिटाई की। रोहित को अधमरा करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। झगड़े की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और घायल रोहित को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। रोहित की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना जेवर क्षेत्र के मोहल्ला सल्यान में डीजे के विवाद में तीन युवकों ने पड़ोसियों की लाठी डंडों से जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जेवर के मोहल्ला सल्यान निवासी हरीश ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले राजू के घर में डीजे बज रहा था। अचानक डीजे बंद हो गया और राजू उसका भाई अर्जुन तथा रूपेश उनके घर आ धमके।
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि उन्होंने उनका डीजे क्यों बंद कराया है। हरीश के मुताबिक उन्होंने बताया कि उन्होंने डीजे बंद करने के लिए नहीं कहा इसके बावजूद आरोपी गाली गलौज करते रहे। गाली गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ लाठी डंडों से मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीडि़त की शिकार पर थाना जेवर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों के तलाश कर रही है। Greater Noida News