
Greater Noida: थाना बीटा-2 क्षेत्र के साइट 4 स्थित ओएमएफए रबड़ लिमिटेड कंपनी में गुरुवार की सुबह कार्य के दौरान मशीन में घर्षण की वजह से आग लग गई। आग बुझाने के लिए कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग करना चाहा तो सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने की वजह से 3 कर्मचारी झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एडीसीपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि साइट 4 स्थित ओएमएफए रबड़ लिमिटेड कंपनी में फैन बेल्ट व वी बेल्ट बनाने का काम होता है। आज सुबह कंपनी में काम चल रहा था। करीब 9:30 बजे बेल्ट बनाने वाली मशीन में घर्षण की वजह से आग लग गई। मशीन में लगी आग को बुझाने के लिए कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग करना चाहा तो सिलेंडर अचानक फट गया।
सिलेंडर फटने से कर्मचारी जितेंद्र पांडे निवासी रोहतास बिहार, गंगा राम निवासी मथुरा व इंदरजीत निवासी प्रयागराज झुलस गए। कंपनी प्रबंधन ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका उपचार चल रहा है। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
एडीसीपी, एसीपी व थाना प्रभारी ने कंपनी का मौका मुआयना किया और अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल पूछा। एडीसीपी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।