Greater Noida: जेवर एयरपोर्ट में नौकरी लगवाने वाला रैकेट सक्रिय जालसाज 550 रू0 लेते हैं एप्लीकेशन फीस
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 03:41 AM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 03:41 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । जेवर में बनने वाले एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट के नाम पर धोखाधड़ी का बड़ा खेल शुरू हो गया है। इस खेल में कभी एयरपोर्ट के पास सस्ते प्लाट दिलाने तो कभी एयरपोर्ट में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी की जा रही है। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने ऐसे जालसाजों से सावधान रहने को कहा है। जेवर एयरपोर्ट में नौकरी लगवाने के फर्जी रैकेट इन दिनों ग्रेटर नोएडा व जेवर क्षेत्र के पास सक्रिय है। रैकेट पम्पलेट और सोशल मीडिया पर लिंक भेजकर नौकरी लगवाने का झांसा देता है। बाकायदा सोशल मीडिया पर लिंक व रिकार्डिंग लोड करके बेरोजगार युवाओं को फंसाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक जेवर व ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे विज्ञापनों के पम्पलेट मार्केट और सार्वजनिकन स्थानों व निर्माणाधीन साइटों पर लगाए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इन पम्पलेट पर बाकायदा एक फोन नंबर दिया गया है। जिस पर आवेदक को फोन करना है। विज्ञापन में दावा किया गया है कि 8वीं पास करने वाले भी इस नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। विज्ञापन में दावा किया गया है कि एयरपोर्ट पर नौकरी के लिए आवेदन करने वालों को आकर्षक वेतन मिलेगा। पुलिस के मुताबिक फोन नंबर पर कॉल करने पर इस रैकेट से जुड़े जालसाज आवेदक की डिटेल मांगते हैं और एप्लीकेशन फीस के रूप में 550 रूपये मांगते हैं। पेमेंट के लिए बाकायदा एक लिंक दिया जाता है।
एप्लीकेशन फीस जमा करने के बाद फर्जीवाड़ा करने वाले कहते हैं कि नियुक्ति-पत्र उन्हें अगले दिन मिलेगा और उसी दिन उनकी नौकरी शुरू हो जाएगी। फिर इस रैकेट से जुड़े लोग फोन उठाना बंद कर देते हैं और किसी मैसेज का जवाब नहीं देते हैं।
एयरपोर्ट पर नौकरी का सपना देखने वाले कई लोग इसके शिकार हुए हैं लेकिन किसी ने अभी तक इस संबंध में पुलिस से शिकायत नहीं की है।
ग्रेटर नोएडा पुलिस उपायुक्त डा. मीनाक्षी कात्यायन ने बताया कि इस रैकेट के बारे में जांच की जा रही है। पुलिस जालसाजों व पंपलेट छापने वाली प्रिटिंग प्रेस के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वह ऐसे जालसाजों के चंगुल में न फंसे और कोई भी संदिग्ध गतिविधि देखें तो उसकी जानकारी पुलिस को दी।
साइबर क्राइम का शिकार होने से बचें
1.सोशल मीडिया या न्यूज पेपर के माध्यम से नौकरी के विज्ञापन देने वाली कंपनी को स्वयं जाकर फोन करने वाले व्यक्ति से मिले बिना रजिस्ट्रेशन फीस, डाक्यूमेंट वेरीफिकेशन फीस आदि के नाम पर पैसा न दें।
2. किसी भी जॉब को देने से पहले कोई पैसा मांगे तो सतर्क हो जाएं। जॉब देने वाली कंपनी कभी रूपए की मांग नहीं करती।
3. ऑन लाइन डाटा एंट्री वाली बहुत सारी कंपनियां फ्राड होती हैं। ऐसे में मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट पर कंपनी का नाम सर्च करने तथा उसका रिव्यू पढऩे के बाद ही कंपनी पर विश्वास करें।
4. किसी भी ऑनलाइन जॉब में अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य कोई केवाईसी डाक्यूमेंट ना दें, जालसाज डाक्यूमेंट का गलत फायदा उठा सकते हैं।
5.बिना फिजिकल वेरीफिकेशन के अपने आईडी तथा अन्य डाक्यूमेंट ई-मेल या व्हाट्सअप पर ना दें।
6.पैसे जमा करने से पहले बैंक खाता धारक का नाम चेक करें यदि वह कंपनी के नाम से अलग है तो समझ जाएं कि वह फ्राड कॉल है।