
Greater Noida : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे किसानों का धरना मंगलवार को 83वें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को किसानों ने एक बड़ी घोषणा कर दी है। रेट रिवीजन के संबंध में एडीएम फाइनेंस से मुलाकात हुई। एडीएम के साथ किसानों की अगली बैठक शुक्रवार को होगी। किसानों ने 12 अगस्त के बाद आर पार के आंदोलन की घोषणा की है।
मंगलवार को धरने प्रदर्शन की अध्यक्षता किसान सभा के वरिष्ठ नेता कंवरपाल और संचालन निरंकार प्रधान ने किया। धरने को डॉ. रुपेश वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे चारों प्रमुख मांगों जिसमें 10% आबादी प्लाट, खेतीहर मजदूरों के 40 वर्ग मीटर के प्लाट, रोजगार और नए कानून को लागू करना शामिल है, जिस पर प्राधिकरण ने 12 तारीख तक का समय मांगा है। हमने प्राधिकरण को 12 तारीख तक समय दिया है। प्राधिकरण ने यदि फैसला नहीं किया तो किसान सभा हजारों की संख्या में बड़ा प्रदर्शन करेगी।
डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि रेट रिवीजन के मसले पर एडीएम फाइनेंस अतुल से मुलाकात हुई जिसमें उन्होंने शुक्रवार को रेट रिवीजन कमेटी की बैठक बुलाई है। इस बैठक में ही रेट रिवीजन के संबंध में आंदोलन की तरफ से बात रखी जाएगी।
किसान नेता सुनील फौजी ने किसानों के धरने को संबोधित करते हुए कहा कि नए कानून को लागू करने के संबंध में एवं रेट रिवीजन के संबंध में कार्रवाई लंबित है। वीर सिंह नागर संयोजक किसान सभा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा आंदोलन मसलों के हल होने तक चलता रहेगा। यह धरना मसलों को हल करके ही समाप्त होगा। किसान सभा के नेता निशांत रावल ने बताया कि रोज किसान सभा गांव में बैठक कर आंदोलन को मजबूत करने का काम कर रही है। आज इटेड़ा गांव में इसी सिलसिले में बैठक बुलाई गई जिसमें किसानों ने बड़ी संख्या में धरने में आने का आश्वासन दिया है।
सुशांत भाटी, महेश प्रजापति, शेखर प्रजापति, संदीप भाटी, अजीत सिंह, एसपी सिंह, सुशील खुशी, महाराज सिंह, प्रधान सूबेदार ब्रह्मपाल, सत्येंद्र खारी, मोहित नागर, अमित भाटी, सचिन चौगानपुर, चतर सिंह, बाबा संतराम, पूनम, गीता, तिलक देवी, प्रेमवती, इंद्रजीत भाटी, महेश प्रजापति समेत हजारों किसान धरने पर उपस्थित रहे। Greater Noida News