
Greater Noida : दादरी रेलवे ट्रैक पर बीती रात्रि एक युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से मिली पर्ची पर एक फोन नंबर लिखा हुआ मिला साथ ही उस पर लिखा हुआ था कि उसके मरने की जानकारी उक्त नंबर पर दे दी जाए।
थाना सूरजपुर प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि बीती रात्रि करीब 11:30 बजे कैलाशपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की जेब से एक पर्ची मिली जिस पर फोन नंबर लिखा हुआ था। साथ ही पर्ची पर लिखा हुआ था कि उसके मरने की जानकारी इस नंबर पर दे दी जाए।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद पता चला है कि मृतक का नाम आदित्य राय है और वह मूल रूप से मऊ का रहने वाला है। आदित्य नोएडा के सलारपुर गांव में किराए पर रह रहा था और फेस 2 की एक कंपनी में काम करता था। मृतक के परिजनों को इस हादसे की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।