Greater Noida: डी.एम कार्यालय पर आंगनबाड़ी सहायिकाओं का प्रदर्शन
भारत
चेतना मंच
08 Dec 2021 10:23 PM
ग्रेटर नोएडा । आंगनबाड़ी, मिनी आंगनबाड़ी सहायिका संगठन के बैनर तले जिले की आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आंागनबाड़ी सहायिकाओं व कार्यकत्रियों का पिछले कई वर्षों से शोषण किया जा रहा है और उन्हें कम मेहनताना मिल रहा है।
संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सावित्री चौधरी के आहवान पर आज कलेक्ट्रेट पर गौतमबुद्धनगर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही संगठन की जिलाध्यक्ष रेखा शर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी की व्यवस्था पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने लागू की थी। तब से आंगनबाड़ी सहायिकाओं का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीते 2 अक्टूबर को अपनी मांगों को लेकर अधिकार यात्रा निकाली थी जिसके बाद प्रदेश सरकार ने आश्वासन दिया था कि 15 दिनों के अंदर उनकी समस्याओं का समाधान होगा, लेकिन दो माह बाद भी योगी सरकार गंभीर नहीं है।
उन्होंने बताया कि हमसे 55 सौ रूपये में 50-60 हजार रूपये का काम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की 11 मांगों को लेकर एक पत्र भी प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया है। वेतन कम होने के कारण आंगनबाड़ी कर्मचारी आर्थिक व मानसिक पीड़ा झेल रहे हैं। रेखा शर्मा ने बताया कि मांगें पूरी होने तक कलम बंद हड़ताल की जाएगी।