
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा से इस समय बड़ी खबर आ रही है। यहां मेरठ एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में वन विभाग में तैनात दो वन दरोगाओं को गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन की इस कार्यवाही से कासना स्थित वन विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि पेड़ काटने की शिकायत पर कार्यवाही ना करने की एवज में दोनों अधिकारी 8 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के पास ही गौतमबुद्धनगर के वन विभाग का कार्यालय है। जानकारी मुताबिक इसराइल नामक एक व्यक्ति ने मेरठ में एंटी करप्शन ब्यूरो में एक शिकायत दी थी, जिसमें उसने वन विभाग के दो वन दरागाओं पर 8 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने शुक्रवार की दोपहर अपना जाल बिछाया और पीड़ित से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेने आए वन दरोगा अमित को कासना नाले के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में वन दरोगा अमित ने बताया कि वह वन विभाग के डिप्टी रेंजर तालिब के कहने पर रिश्वत लेने आया था। इस आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने कासना स्थित वन विभाग के कार्यालय से डिप्टी रेंजर तालिब को भी रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया।
मेरठ एंटी करप्शन टीम की अगुवाई इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह कर रहे थे। उनके साथ टीम में बसंत सिंह अधिकारी, रामसहाय यादव व अंजू भदोरिया सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे। एंटी करप्शन ब्यूरो की इस कार्यवाही के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।