
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम में असमाजिक तत्वों ने खलल डाल दी और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित करने की तैयारी कर रहे सेक्टर वासियों को रोक दिया। आरोप है कि असमाजिक तत्वों ने मंदिर परिसर में तोड़फोड़ भी की।
मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पी-4 के प्राचीन शिव मंदिर का है। सोमवार को राममंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर सेक्टरवासी श्रीराम दरबार की स्थापना के लिए चौकी बनवा रहे थे तभी हरेंद्र नागर नामक व्यक्ति मंदिर में आया और मंदिर में काम करवा रहे दंपत्ति के साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की करके काम को रूकवाया और निर्माण सामग्री को तितर-बितर कर दिया। दंपत्ति ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी। दंपत्ति की ओर से थाना बीटा 2 में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आरोप है कि पुलिस ने मंदिर के मुद्दे से हटाकर इसे आपसी झगड़ा बता दिया। जिससे सेक्टर निवासियों में श्री राम लला की आस्था को ठेस पहुंची है। आरोप है कि आरोपी व्यक्ति आयें दिन किसी न किसी से मारपीट करता रहता है। कुछ दिन पहले भी आरोपी ने मंदिर के काम को भी रूकवा दिया था।