ग्रेटर नोएडा के सुथ्याना गांव में प्राधिकरण ने बुलडोजर चलाकर 9,500 वर्ग मीटर जमीन कब्जामुक्त कराई। जमीन की कीमत करीब 19 करोड़ रुपये बताई गई है।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश कर रहे कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्राधिकरण ने कार्रवाई की है। सोमवार को सुथ्याना गांव में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर करीब 9,500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। प्राधिकरण ने इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 19 करोड़ रुपये बताई है। आरोप है कि कॉलोनाइजर प्राधिकरण की जमीन पर अवैध निर्माण कर प्लॉटिंग और कॉलोनी बसाने की तैयारी में थे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक AK सिंह के मुताबिक, सुथ्याना गांव के खसरा संख्या 798, 810, 815, 816 और 817 में प्राधिकरण की करीब 9,500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। कॉलोनाइजर इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश में थे। प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और वर्क सर्किल-4 की टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। इसके बाद पूरी जमीन को कब्जे से मुक्त करा लिया गया। Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जे करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत प्राधिकरण की टीम लगातार अभियान चला रही है। प्राधिकरण के ACEO सुमित यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी को भी अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जमीन को खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी वास्तविक स्थिति और भूमि संबंधी जानकारी जरूर प्राप्त करें। Greater Noida News
प्राधिकरण ने लोगों को चेतावनी दी है कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदकर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में न डालें। जमीन का सौदा करने से पहले यह जांचना जरूरी है कि संबंधित भूमि पर प्राधिकरण की अनुमति है या नहीं और वह किसी अधिग्रहण अथवा नियोजित विकास क्षेत्र का हिस्सा तो नहीं है। सुथ्याना में हुई कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने साफ किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। Greater Noida News
विज्ञापन