देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही परिसर तिरंगे के रंग में सजा नजर आया। समारोह में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी।

Greater Noida News : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही परिसर तिरंगे के रंग में सजा नजर आया। समारोह में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी। स्कूली बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने माहौल में और जोश भर दिया। ध्वजारोहण के बाद आयोजित कार्यक्रम में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने राष्ट्र निर्माण में जिम्मेदारी की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आजादी हमें पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान से मिली है, लेकिन देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी हर पीढ़ी को खुद निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की ओर से आज तैयार की जा रही सड़कें, औद्योगिक क्षेत्र और आवासीय सेक्टर आने वाली पीढ़ियों के जीवन का हिस्सा बनेंगे। इसलिए विकास के हर काम में दूरदृष्टि, ईमानदारी और जिम्मेदारी जरूरी है। Greater Noida News
एसीईओ ने कहा कि प्राधिकरण की ओर से बनाई जाने वाली सड़कें केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा नहीं करतीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियां भी उनका इस्तेमाल करती हैं। इसी तरह औद्योगिक क्षेत्रों के लिए जमीन उपलब्ध कराने से केवल कारखाने नहीं लगते, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। आवासीय सेक्टरों में बनने वाले घरों के साथ परिवारों की नई जिंदगी जुड़ती है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण से जुड़ी हर फाइल के पीछे किसी व्यक्ति का रोजगार, किसी परिवार की उम्मीद या किसी के सपने जुड़े हो सकते हैं। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपने काम की जिम्मेदारी और उसके व्यापक प्रभाव को समझते हुए कार्य करना चाहिए। सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी संस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुभव और नई तकनीक के बीच संतुलन जरूरी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पास अनुभव के साथ आधुनिक तकनीक का भी आधार है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निभाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तिरंगे को सम्मान देना केवल ध्वजारोहण या सलामी तक सीमित नहीं है। हमें जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और बेहतर तरीके से निभाना भी राष्ट्रध्वज का सम्मान है। Greater Noida News
कार्यक्रम में एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी के महत्व को समझना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत को आगे बढ़ाने के लिए सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। उन्होंने प्राधिकरण के सामने मौजूद चुनौतियों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। Greater Noida News
समारोह में सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों ने वंदेमातरम सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों के माध्यम से उपस्थित लोगों में उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव पैदा किया। शानदार प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। ओएसडी अभिषेक पाठक ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। वहीं ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने कविता के माध्यम से देश के सामने मौजूद चुनौतियों को रेखांकित किया। Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण कार्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने ओएसडी गुंजा सिंह और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। मुख्य समारोह में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी लवनीत कौर, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल, ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। Greater Noida News
विज्ञापन