
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के सामने करीब 2 महीने से धरना दे रहे किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर बुधवार की देर शाम सूरजपुर कोतवाली में दर्ज करवाई गई है। प्राधिकरण की ओर से 60 अज्ञात किसानों के खिलाफ सरकारी सम्पत्ति में तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और आम आदमी को परेशानी में डालने जैसे संगीन आरोप है। इससे पहले प्राधिकरण की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर 100 किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। जिसके बाद 33 किसानों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों पर अब एक और मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा है। दरअसल, प्राधिकरण ने 8 नामजद सहित 50 से 60 अज्ञात किसानों के सूरजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने किसानों पर सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, और आम आदमी को परेशान करने का मुकदमा दर्ज कराया है। प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक की शिकायत पर सूरजपुर पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज किया है। अभी भी कई मुद्दों को लेकर कई विपक्षी दल प्राधिकरण के सामने धरना दे रहे हैं।
समाजसेवी अमन टाइगर ने बताया कि प्राधिकरण किसानों पर कितने भी अत्याचार कर ले, लेकिन अब किसान हार मानने वाले नहीं हैं। अगर किसानों को अपनी मांगों के लिए दोबारा जेल जाना पड़े तो वह तैयार हैं। पुलिस द्वारा बार-बार किसानों के भोजन और पानी पर भी रोक लगाई जा रही है। जहां से खाना और पानी आता है उन लोगों को पुलिस द्वारा धमकी दी जा रही है। Greater Noida News