
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में भू-माफियाओं के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एक दस्ते ने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के छपरौला गांव के पास बुलडोजर चलाकर दो करोड़ रूपये मूल्य से अधिक की जमीन से अवैध कब्जा हटा दिया। छपरौला में हुई यह कार्यवाही पूरे ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। चर्चा यह हो रही है कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने अवैध कब्जा बनाए रखने की एवज में भू-माफिया से प्लाट भी ले लिया और कब्जा भी हटवा दिया।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के छपरौला गांव के पास लम्बे अर्से से अवैध कालोनी काटी जा रही थी। आरोप है कि अवैध कालोनी काटने वालों को क्षेत्र के कुछ प्रभावशाली लोगों का आशीर्वाद प्राप्त था। इन प्रभावशाली लोगों में एक बड़े नेता का नाम भी बताया जा रहा है। यह भी आरोप लग रहा है कि "नेता जी" ने अवैध कब्जा बनाए रखने की शर्त पर कालोनी काटने वाले भू-माफिया से एक बड़ा प्लाट भी ले लिया था। अवैध कब्जा धारियों ने "नेता जी" के द्वारा बताए गए नाम पर प्लाट की रजिस्ट्री नहीं की तो नेता जी नाराज हो गए।
ग्रेटर नोएडा के छपरौला गांव में सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का विशेष दस्ता पहुंचा इस दस्ते ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिग्रहित व कब्जा प्राप्त 25 हजार वर्ग मीटर जमीन पर बुल्डोजर चलाकर वहां किए गए अवैध निर्माण को तोड़ दिया । ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जिस जमीन पर अवैध कालोनी काटी जा रही थी वह जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की जमीन है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने उस जमीन को विभिन्न श्रेणी के आंवटियों को आंवटित भी कर रखा था। आवंटित जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर में लगातार की जा रही थी। तमाम शिकायतों की जांच करने के बाद सोमवार को अवैध निर्माण तोड़कर 25 हजार वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया है। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में जिस जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है उसकी कीमत दो करोड़ रूपए से भी अधिक बताई जा रही है।