
Greater Noida News : अपने पति को लेने के लिए बांग्लादेश से भारत के ग्रेटर नोएडा में आई बांग्लादेशी महिला सोनिया अख्तर के केस में एक नया मोड़ आया है। सोनिया अख्तर ने आरोप लगाया कि उसके पति सौरभ तिवारी के परिजन उसके घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं और उस पर रोकथाम के लिए टोने टोटको का सहारा ले रहे हैं, लेकिन वह इन टोने टोटकों से डरने वाली नहीं है और अपने पति को हासिल करके रहेगी।
आपको बता दें कि बांग्लादेश से ग्रेटर नोएडा आई सोनिया अख्तर ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्रांतर्गत स्थित उस शिवालिक होम्स सोसायटी में रह रही है, जिसमें उनके पति सौरभ कांत तिवारी रहते हैं।सोनिया ने सूरजपुर कोतवाली में एक शिकायत दी है, जिसमें उसने कहा कि है कि सौरभ ही सोनिया का खर्च आदि वहन कर रहे हैं, लेकिन सौरभ को उनके परिजन उसके फ्लैट में नहीं आने दे रहे। सोनिया ने आरोप लगाया कि सौरभ के परिजन उसे यहां से भगाने की साजिश रच रहे हैं।
सोनिया का आरोप है कि उसके घर शनिवार को उसके फ्लैट पर नींबू मिर्च, सिंदूर व काला धागा आदि सामान फेंककर टोने टोटका करने का प्रयास किया गया। सोनिया का कहना है कि जब सौरभ तिवारी की पत्नी बांग्लादेश गईं थीं, उस दौरान भी इस तरह की कोशिश की गई थी। सोनिया का बच्चा छोटा है, इसके चलते उसे डर सता रहा है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि इस मामले की जांच की गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं।
सोनिया अख्तर बांग्लादेश की नागरिक है। सोनिया के मुताबिक उसकी नोएडा में रहने वाले सौरभकांत तिवारी से फरवरी 2021 मुलाकात बांग्लादेश में हुई थी। सौरभकांत वर्ष 2017 से 2022 के बीच बांग्लादेश में नौकरी कर रहे थे। मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई और फिर दोनों ने शादी कर ली। दोनों का इस बीच एक बच्चा भी हो गया, जो अब एक साल का हो गया है।
सोनिया 3 अगस्त 2023 को बांग्लादेश से अपने पति सौरभकांत की तलाश करते हुए नोएडा पहुंच गईं। यहां उसके घर पहुंचने पर पता चला कि उसकी पहली ही शादी हो चुकी है और पहली पत्नी से बच्चे भी हैं। यहां सौरभकांत ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया था। इस पर सोनिया अख्तर ने नोएडा पुलिस से गुहार लगाई थी। पुलिस ने सोनिया और उसके बच्चे के रहने का इंतजाम किया था, लेकिन पिछले कुछ समय से सोनिया सौरभकांत तिवारी की ही सोसायटी स्थित एक फ्लैट में रह रही हैं।