
Greater Noida News (चेतना मंच)। थाना दादरी क्षेत्र के रेलवे रोड पर लगने वाले रविवार बाजार में महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने वाले एक शौहदे को थाना दादरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पुलिसकर्मी गश्त पर थे। इस दौरान सूचना मिली कि रविवार बाजार में एक व्यक्ति महिलाओं के अंतर्वस्त्र की दुकानों पर खड़ा होकर अश्लील फब्तियां कस रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची तो एक युवक महिलाओं को देखकर अश्लील गाने गाते हुए दिखाई दिया।
पुलिसकर्मियों ने उक्त युवक को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में पकड़ा गया आरोपी ने अपना नाम गौरव पुत्र कन्हैया निवासी वाल्मीकि वाली गली दौलतराम कालोनी दादरी बताया। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्रेटर नोएडा में अपने परिचित को मुसीबत में उधार पैसे देना एक व्यक्ति को खासा महंगा पड़ा। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने उक्त व्यक्ति के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपी ने धमकी दी कि वह कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी गैंग का सदस्य रह चुका है। अगर पैसे मांगे तो अंजाम ठीक नहीं होगा।
ग्राम खेरली भाव निवासी तोहिद ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने करीब 7 माह पहले ग्राम फतेहपुर आता निवासी आशु उर्फ पास मोहम्मद को 160000 रुपए उधार दिए थे। आशु ने इन पैसों को दो माह के भीतर वापस लौटने का वादा किया था। निर्धारित तिथि बीतने के पश्चात भी आशु ने उसके पैसे नहीं लौटाए। कई बार उसने पैसों का तगाजा किया लेकिन उसने हर बार उसे टाल दिया।
बीते 12 अक्टूबर को उसने आशु से अपने पैसों की मांग की। शाम के समय आशु ने उसकी कार को अजनारा गोल चक्कर के पास रुकवा लिया और गाली गलौज शुरू कर दी विरोध करने पर आशु ने उसके साथ मारपीट के पीडि़त तोहिद का आरोप है कि आशु ने खुद को सुंदर भाटी गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि अगर उसने पैसे मांगे तो अंजाम बहुत बुरा होगा।
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र के सेक्टर अल्फा दो स्थित एटीएम बूथ में जालसाज ने एक व्यक्ति धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदल दिया। जलसाज ने पीड़ित के खाते से 92000 निकाल लिए। पीड़ित ने थाने में अज्ञात जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। धोखाधड़ी की इस घटना का पुलिस ने करीब दो माह बाद मुकदमा दर्ज किया है। सेक्टर अल्फा-2 एच ब्लॉक में रहने वाले दिनेश चंद्र गोयल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 18 अगस्त को एफ ब्लॉक में स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम बूथ से पैसे निकालने के लिए गए थे।
उन्होंने अपने कार्ड से 8000 की धनराशि निकाली। इस दौरान एक युवक बूथ में घुस आया और उन्हें अपनी बातों के जाल में फंसा कर धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ देर बाद उनके मोबाइल फोन पर खाते से 92 हजार रुपए निकालने का मैसेज आया। उन्होंने जब अपने क्रेडिट कार्ड को चेक किया तो पता चला कि उक्त व्यक्ति ने धोखे से उनके कार्ड को बदल दिया था। उन्होंने इसकी सूचना बैंक में स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने उनकी सूचना पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की घटना को दो माह बीतने के बाद पुलिस ने अब इस मामले को दर्ज किया है।