ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 में रात के अंधेरे में कूड़ा फेंकने वालों की मुश्किल बढ़ सकती है। CCTV कैमरों और कूड़े में मिले दस्तावेजों से मकानों की पहचान की तैयारी है।

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में अब रात के अंधेरे में कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वालों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। सेक्टर के कई स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जबकि खुले में फेंके गए कूड़े से मिले दस्तावेजों के आधार पर संबंधित मकानों की पहचान करने की तैयारी की जा रही है। RWA ने ऐसे लोगों के खिलाफ चालान और जुर्माने की कार्रवाई की मांग की है। सेक्टर बीटा-1 में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर RWA लगातार सक्रिय है। RWA के अनुसार सेक्टर के कुछ स्थानों पर रात के समय खुले में कूड़ा फेंकने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इनमें PG, गेस्ट हाउस और कुछ छात्रों द्वारा कूड़ा इधर-उधर फेंके जाने की बात सामने आई है। इससे सेक्टर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
RWA पदाधिकारियों के मुताबिक खुले में फेंके गए कूड़े में कुछ ऐसे कागजात मिले हैं, जिन पर मकानों के पते और अन्य पहचान संबंधी जानकारी दर्ज है। इन दस्तावेजों के आधार पर संबंधित मकानों की पहचान की जा सकती है। वहीं सेक्टर के कई हिस्सों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। ऐसे में रात के समय खुले में कूड़ा डालने वालों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर कैमरों की फुटेज के आधार पर पहचान करने की तैयारी है। रोज आती है कूड़ा उठाने वाली गाड़ी, फिर भी फैल रही गंदगी RWA महासचिव हरेन्द्र भाटी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी प्रतिदिन सेक्टर में आती है। इसके बावजूद कुछ लोग निर्धारित व्यवस्था में कूड़ा देने के बजाय रात के समय खाली स्थानों और सड़कों के किनारे कूड़ा फेंक रहे हैं। उन्होंने कहा कि RWA की पूरी टीम सेक्टर की साफ-सफाई और स्वच्छता को लेकर लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। इसके बावजूद खुले में कूड़ा फेंकने की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है।
हरेन्द्र भाटी ने मांग की कि खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान और जुर्माने की कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि सेक्टर को स्वच्छ रखना केवल RWA या प्राधिकरण की जिम्मेदारी नहीं है। मकान मालिक, किरायेदार, PG और गेस्ट हाउस संचालक तथा छात्र समेत प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। Greater Noida:
RWA बीटा-1 और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेक्टरवासियों से अपील की गई है कि वे अपना कूड़ा निर्धारित कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही दें। सड़क, खाली प्लॉट या सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा न फेंकें। RWA महासचिव हरेन्द्र भाटी ने कहा कि खुले में कूड़ा फेंकने से गंदगी फैलने के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने प्राधिकरण से सेक्टर में नियमित निगरानी रखने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। Greater Noida:
विज्ञापन