ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में सड़क, सीवर, पेयजल, सफाई, बाउंड्री वॉल और स्ट्रीट लाइट से जुड़े कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है। डीएम के निरीक्षण के बाद प्राधिकरण ने एक-दो माह में प्रमुख समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं को लेकर अब प्राधिकरण और प्रशासन स्तर पर तेजी दिखाई दे रही है। जिलाधिकारी के स्थलीय निरीक्षण के बाद सेक्टर में विकास कार्य शुरू होने और प्रस्तावित कार्यों को गति मिलने से स्थानीय निवासियों को राहत की उम्मीद जगी है। इसी सिलसिले में सेक्टर बीटा-1 की RWA कार्यकारिणी ने एडीएम और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा की। RWA अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष विपिन भाटी (एडवोकेट) और सचिव ओम प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम अजीत सिंह से मुलाकात की। बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के DGM विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम, राजेश गौतम, ज्ञानेंद्र यादव, सौरभ भारद्वाज, मैनेजर संध्या सिंह और स्वतंत्रता वर्मा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सेक्टर की सड़क, सीवर, पेयजल, नालियों, साफ-सफाई, पार्कों, चारदीवारी और स्ट्रीट लाइट से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। Greater Noida
RWA पदाधिकारियों ने बताया कि 22 सितंबर को जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के सेक्टर बीटा-1 के स्थलीय निरीक्षण के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है। निरीक्षण के दौरान प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को सेक्टर की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए थे। RWA के मुताबिक, अधिकारियों ने बैठक में बताया कि निर्देशों के बाद एक सप्ताह के भीतर कई विकास कार्य जमीन पर शुरू हो चुके हैं और अन्य कार्यों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बाउंड्री वॉल अथवा MS रेलिंग लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। वहीं वन विभाग की क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल की मरम्मत एवं निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी किए जाने की जानकारी दी गई। सेक्टर की सर्विस रोड के निर्माण एवं मरम्मत का टेंडर भी हो चुका है। RWA को बताया गया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में सेक्टर की पुरानी सीवर लाइन की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। RWA के अनुसार सीवर व्यवस्था सुधारने के लिए प्राधिकरण स्तर पर ई-निविदा प्रक्रिया और सफाई अभियान चल रहा है। इसके अलावा नलकूपों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति और नालियों की सफाई से जुड़े कार्य भी प्रगति पर बताए गए। सेक्टर में नियमित सफाई, कूड़ा उठाने, पार्कों के रखरखाव, पेड़-पौधों की छंटाई और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
सेक्टर में खराब स्ट्रीट लाइट और क्षतिग्रस्त पोल का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। RWA के अनुसार कई स्थानों पर पोल और केबल की स्थिति खराब है। कुछ स्थानों पर लाइट की रोशनी कम है, जबकि विद्युत बॉक्स भी क्षतिग्रस्त हैं। अधिकारियों ने जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है। RWA पदाधिकारियों के अनुसार बैठक में अधिकारियों ने एक-दो महीने के भीतर सेक्टर के प्रमुख विकास कार्यों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। इससे लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहे सेक्टरवासियों में उम्मीद जगी है। RWA अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष विपिन भाटी और सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने प्रशासन एवं प्राधिकरण अधिकारियों के सकारात्मक रुख के लिए आभार जताया। RWA ने उम्मीद जताई कि तय समय सीमा में विकास कार्य पूरे होने से सेक्टर बीटा-1 की सड़क, सीवर, सफाई, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। Greater Noida
विज्ञापन