
Greater Noida (चेतना मंच)। चोरी की बाइक पर मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार शातिर बदमाशों को थाना बिसरख पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए 6 मोबाइल फोन, तमंचे, कारतूस व दो बाइक बरामद हुई है।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर जलपुरा कट के पास से सैफ पुत्र खुर्शीद, मुकेश पाल पुत्र विजयपाल, अतुल पुत्र जगबीर व कामिल पुत्र साजिद को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 6 मोबाइल फोन, दो बाइक, दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बरामद मोबाइल लुटे हुए और एक बाइक भी चोरी की है।
थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी बाइक पर सवार होकर सुनसान जगह पर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पकड़े गए आरोपियों पर पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं और इन्होंने कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
थाना सेक्टर 63 पुलिस ने 2 शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 3 लाख रुपये मूल्य का 35 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस ने तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर शराब बरामद की है। थाना प्रभारी अमित कुमार मान ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर 62 रिलायंस पेट्रोल पंप के पास से विशाल ठाकुर व अकरम को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 35 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर नोएडा में सप्लाई करते हैं। पकड़े गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए है।
थाना प्रभारी ने बताया कि इनके अलावा सेक्टर 62 गोल चक्कर के पास से शाहनवाज, सरफराज व फरहान अली को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 350 पव्वे शराब के बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।