
Greater Noida ग्रेटर नोएडा के जलवायु विहार में गत दिनों पड़ोसी के साथ हुए विवाद के बाद सुर्खियों में आई नेत्र रोग चिकित्सक पर कल बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार पर ईट मारकर शीशा तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पीडि़ता ने इस मामले में पूर्व में हुए झगड़े के आरोपी पर हमला कराने का शक जताया है।
जलवायु विहार निवासी डॉ रश्मि शर्मा दनकौर के पीएचसी में नेत्र परीक्षण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार को वह अपनी कार से दनकौर स्थित पीएचसी जा रही थी। गलगोटिया यूनिवर्सिटी से कुछ आगे पहुंचते ही विपरीत दिशा में बाइक पर आ रहे दो युवकों ने रॉन्ग साइड आकर उनकी कार के आगे अपनी बाइक लगा दी।
रश्मि शर्मा का कहना है कि जब तक वह कुछ समझ पाती तब तक बाइक सवारों ने उनकी कार के फ्रंट शीशे पर ईंट से प्रहार कर उसे तोड़ दिया। पीछे से अन्य बाइक सवारों को आता देखकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। सुनसान जगह पर हुए इस हमले से वह बदहवास हो गई। इसके पश्चात उन्होंने अपने परिजनों व थाना दनकौर पुलिस को सूचना दी।
डॉ. रश्मि शर्मा का कहना है कि उनकी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं है। करीब एक माह पूर्व उनका पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से झगड़ा हुआ था। इस झगड़े के दौरान उक्त व्यक्ति व उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की थी जिसकी रिपोर्ट उन्होंने थाना बीटा-2 में दर्ज कराई थी। डॉ रश्मि शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर इस घटना में पड़ोसी पर शक जताया है।
दनकौर थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह का कहना है कि इस मामले में पीडि़ता की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।