Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा में भाजपा के एक नेता को जान से मारने की धमकी दी गई है। भाजपा नेता का आरोप है कि धमकी देने वाले ने खुद को साइबर सेल का अधिकारी बताते हुए उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। ग्रेटर नोएडा थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और वर्तमान जेवर मंडल प्रभारी तथा उत्तर प्रदेश हज कमेटी के मेंबर सरफराज अली ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि बीते दिनों विनर यादव नामक युवक ने उनके मोबाइल फोन पर कॉल की। उसने खुद को साइबर सेल का कर्मी बताकर अभद्र व्यवहार किया और गाली गलौज की।
उन्होंने जब गाली देने का विरोध किया तो फोन करने वाले ने उसे जान से मारने की धमकी दी। सरफराज अली ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष जुलाई माह में गाजियाबाद की एक एजेंसी पर अपनी स्विफ्ट कार की सर्विस कराई थी।
बीते दिनों उनके पास स्विफ्ट कार की सर्विस का फीडबैक लेने के लिए एजेंसी से फोन आया। उन्होंने फोन पर बताया कि उन्हें एजेंसी की सर्विस पसंद नहीं आई है। इसके बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने अपने सीनियर से बात कराई तो उसने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया था।
इसके कुछ देर बाद उनके पास विनर यादव नामक व्यक्ति ने खुद को साइबर सेल का कर्मी बताते हुए फोन कर गलत फीडबैक देने पर जमकर हड़काया और अभद्र व्यवहार किया। थाना प्रभारी ने बताया कि भाजपा नेता द्वारा उपलब्ध कराए गए नंबर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।