
Greater Noida News :दादरी के नगर निगम चुनाव में भाजपा से बग़ावत करके निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे जगभूषण गर्ग को आज भाजपा के नेता और कार्यकर्ता ढूंढते रह गए, लेकिन उनका कहीं पता नहीं लगा। आज नामांकन वापिस लेने का आखिरी दिन था। जिसके लिए जगभूषण गर्ग पर दबाव बनाया जा रहा था। लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। नगर निगम चुनाव और जीएसटी रेड को लेकर वैश्य समाज के लोगों ने आज पंचायत की। जिसमें समाज के लोगों ने जगभूषण गर्ग को समर्थन देने का प्रण लिया।
लगभग 40 वर्षों से भाजपा में काम कर रहे थे जगभूषण गर्ग
चेतना मंच के सूत्रों से पता चला कि जगभूषण गर्ग जिले से कई किलोमीटर दूर एक रिसॉर्ट में रुके हुए हैं। आज शाम 6 बजे परचा वापस लेने का समय समाप्त हो गया है। अब वें किसी भी समय वापस दादरी आ जाएंगे। जगभूषण गर्ग लगभग 40 वर्षों से भाजपा में काम कर रहे थे। भाजपा लगातार गीता पंडित को प्रत्याशी के रूप में चुन रही है। इस बार जगभूषण गर्ग ने चुनाव लड़ने की ज़ोरदार तैयारी कर रखी थी, किन्तु भाजपा ने प्रत्याशी बनाने से इंकार कर दिया। जगभूषण गर्ग का टिकट कटने से वैश्य समाज के लोग काफी आक्रोश में है। आज नामांकन पत्र वापस लेने का आखिरी दिन था जिसके लिए उन पर काफी ज्यादा दबाव बनाया जा रहा था।
समाज के लोगों ने फैसला लेकर जगभूषण गर्ग को निर्दलीय पद से नगर निगम चुनाव के लिए खड़ा किया। आरोप है कि भाजपा नेताओं के द्वारा जगभूषण गर्ग पर नामांकन पत्र वापस लेने के लिए काफी दिनों से दबाव बनाया जा रहा था। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो जीएसटी टीम द्वारा रात के करीब 11:30 बजे उनके घर रेड डाल दी गई। जिससे उनके परिवार और समाज के लोग आहत हुए। समाज के लोगों ने पंचायत कर जग भूषण गर्ग का पूर्ण तरह से समर्थन देने का निर्णय लिया। पंचायत में वैश्य समाज के लोगों के साथ साथ अन्य समाज के लोग भी पंचायत में शामिल हुए। Greater Noida