
Greater Noida : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIEDA) की आज यानि बुधवार को होने वाली 78वीं बोर्ड बैठक में 60 एजेंडे पेश किए जाएंगे। इसमें बायर्स, आवासीय, बिल्डर, संस्थागत आवंटियों और किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। मास्टर प्लान 2041, हेरिटेज कॉरिडोर, ओटीएस स्कीम, किसानों की लीज बैक, पुश्तैनी, गैर पुश्तैनी सहित किसानों के अन्य मुद्दों की चर्चा की जाएगी। एजेंडे के पास होने पर तो क्षेत्र के खरीदारों, किसानों और आवंटियों की 80 फीसदी समस्याएं दूर हो जाएंगी। वहीं, विकास की गति भी बढ़ेगी।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIEDA)के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने चेतना मंच को बताया कि बोर्ड बैठक में रखे जाने वाले एजेंडों में 18 गांवों के लीजबैक के 142 केस, 88 केस शिफ्टिंग और पुश्तैनी-गैर पुस्तैनी का भेद खत्म करने का मुद्दा शामिल है। इससे करीब 10 हजार किसानों को लाभ मिलेगा, जबकि पहली बार ग्रुप हाउसिंग, मिक्सलैंड, कॉमर्शियल, इंस्टीट्यूशनल एवं संस्थागत समेत सभी तरह के आवंटियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जीरो पीरियड और ओटीएस लाई जा रही है। इस एजेंडे से न सिर्फ पांच हजार से अधिक खरीदारों को लाभ होगा, बल्कि बिल्डर-संस्थागत आवंटियों का भी आर्थिक भार कम हो जाएगा। इसके अलावा मथुरा-राया में हेरिटेज सिटी की संशोधित डीपीआर रिपोर्ट, मास्टर प्लान-2041, जेपी को टेकओवर करने वाले सुरक्षा समूह के समझौते के हर पहलू को बोर्ड में रखा जाएगा।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIEDA) के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह बताया गया कि प्राधिकरण द्वारा ओल्ड ऐज होम को नि:शुल्क संचालित किया जाएगा। साथ ही बीमारियों के चलते स्पेशल केयर की जरूरत वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए 50 बेड का अस्पताल भी बनाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा। गांव का विकास, गांव में पुस्तकालय, ओल्ड ऐज होम व हॉस्पिटल सहित अन्य मांगों को भी आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। Greater Noida