Greater Noida (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में करीब 6 माह पूर्व एक किशोरी को भगाकर ले जाने वाला आरोपी युवक एक बार फिर जबरदस्ती किशोरी को अपने भाइयों की मदद से अपने साथ ले गया है। किशोरी के पिता ने अपनी बेटी की जान का खतरा बताते हुए ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कराया है।
मूल रूप से संभल निवासी राकेश (काल्पनिक नाम) ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ हाल में सूरजपुर कस्बे में रह रहा है। उसकी 14 वर्षीय बेटी 13 जनवरी को घर से मार्केट में सामान लेने के लिए गई थी। इस दौरान सचिन अपने भाई विजय व अजय पुत्र किशोरी निवासी ग्राम शाहाबाद रोड जनपद अलीगढ़ जबरन किशोरी को अपने साथ लेकर भाग गया। इस बार किशोरी के भगाने में आरोपी के भाईयों ने भी उसकी मदद की है।
लड़की के पिता राकेश के मुताबिक विगत 24 जुलाई 2023 को भी सचिन अपने साथी राजेश व उमेश के साथ मिलकर किशोरी को भगा ले गया था। इस संबंध में उसने थाना ईकोटेक 3 में तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसकी बेटी को बरामद कर लिया था। चिकित्सा परीक्षण और बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बलात्कार व पोस्को एक्ट की धाराओं में बढ़ोतरी की गई थी। राकेश ने आशंका जताई है कि सचिन व उसके भाई उसकी बेटी की हत्या कर सकते हैं। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इसके अलावा नोएडा के थाना सेक्टर-63 में 25 फीट रोड पर रहने वाली कामिनी (काल्पनिक नाम) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी 13 वर्षीया बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। उसने अपनी बेटी की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।