ग्रेटर नोएडा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शराब के नशे में हुआ झगड़ा
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
09 Sep 2025 01:11 PM
ग्रेटर नोएडा से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है जिसने क्षेत्रवासियों में खौफ पैदा कर दिया है। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के बराही मंदिर के पास मदरसे वाली गली में शराब के नशे में दो पक्षों में हुए झगड़े के दौरान एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। जबकि इस झगड़े में कुछ लोग चाकू लगने से घायल भी हुए हैं। Greater Noida News
चाकू माकर किया घायल
थाना सूरजपुर पुलिस ने बताया कि मदरसे वाले गली में किराए पर रहने वाले राजकुमार, प्रेमपाल, गौरव, पुत्र मुख्तयार सिंह मूल निवासी जिला बुलंदशहर तथा इसी मकान के प्रथम तल में रहने वाले कमल सिंह व नेता पुत्र फकीर चंद निवासी बुलंदशहर 8 सितंबर की रात को आपस में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान नेता पुत्र फकीरचंद ने दूसरे पक्ष के राजकुमार को चाकू मारकर घायल कर दिया। इससे आग बबूला हुए राजकुमार, प्रेम पाल, गौरव व अन्य पड़ोसियों ने कमल सिंह व नेता के साथ मारपीट शुरू कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल नेता पुत्र फकीरचंद को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान नेता की मौत हो गयी। जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल है उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में राजकुमार, प्रेमपाल, गौरव निवासी बुलंदशहर तथा वकील पुत्र नूरहसन व अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने गौरव प्रेमपालव वकील को हिरासत में ले लिया है। Greater Noida News