ग्रेटर नोएडा, नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में भूजल दोहन और किसानों को शिक्षा-चिकित्सा में छूट देने की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू की है।

Greater Noida News : गौतमबुद्ध नगर के तीनों विकास प्राधिकरणों के क्षेत्रों में निजी बिल्डरों द्वारा भूजल दोहन और स्थानीय किसानों को शिक्षा व चिकित्सा सुविधाओं में मिलने वाली छूट का मुद्दा अब आंदोलन का रूप ले सकता है। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने इन समस्याओं को लेकर व्यापक आंदोलन शुरू करने की रणनीति तैयार की है। इस संबंध में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई-4 में आयोजित की गई। बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण के क्षेत्रों में निजी बिल्डरों द्वारा किए जा रहे भूजल दोहन पर रोक लगाने तथा स्थानीय किसानों को लीज डीड में दर्ज शर्तों के अनुसार शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं में छूट दिलाने पर चर्चा हुई।
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने कहा कि तीनों प्राधिकरणों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में निजी बिल्डरों द्वारा किए जा रहे भूजल दोहन को रोकने और किसानों को उनके अधिकार दिलाने के लिए जल्द ही व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। Greater Noida News
चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में स्थानीय किसानों की जमीन पर स्थापित स्कूलों और अस्पतालों में लीज डीड के अनुसार किसानों को शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं में छूट मिलनी चाहिए। संगठन इस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू कराने की मांग भी आंदोलन के माध्यम से उठाएगा। बैठक में तय किया गया कि भूजल संरक्षण और किसानों को उनके अधिकार दिलाने से जुड़े इन मुद्दों को तीनों प्राधिकरणों के समक्ष उठाया जाएगा। बैठक में आलोक नागर, बलराज हूण, ब्रह्मपाल कपासिया, लव यादव और मुकेश कसाना सहित अन्य लोग मौजूद रहे। Greater Noida News
विज्ञापन