
Greater Noida (चेतना मंच)। यूपी में ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के खोदना खुर्द गांव में कुछ दबंगों ने एक घर में घुसकर महिला व बच्चों के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपियों ने घर का सामान तोड़फोड़ कर बाहर फेंक दिया। पीड़ित का आरोप है कि दबंग उसके मकान पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं और इसी कारण वह आए दिन उन्हें परेशान करते हैं।
ग्रेटर नोएडा के खोदना खुर्द निवासी इरशाद ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसने एक व्यक्ति से खोदना खुर्द गांव में मकान खरीदा था। वह पिछले एक वर्ष से यहां रह रहा था। बीते दिनों धर्मपाल उसका पुत्र मोहित तथा कई अन्य अज्ञात लोग उसकी गैर मौजूदगी में उसके घर का दरवाजा तोड़कर जबरन भीतर घुस गए। इस बात का जब उसकी पत्नी बच्चों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
इरशाद का आरोप है कि धर्मपाल व उसके साथियों ने घर में रखे सामान तथा स्कूटी आदि को तोड़फोड़ कर सड़क पर फेंक दिया और उसकी पत्नी व बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया। झगड़ा होता देखकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर आ गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर औद्योगिक एरिया स्थित ईस्ट इंडिया टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के वेयरहाउस से चोरों ने लाखों रुपये मूल्य का एक इलेक्ट्रॉनिक का सामान चोरी कर लिया। कंपनी के सीनियर मैनेजर ने दो कर्मचारियों पर चोरी का शक जताते हुए थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कराया है।
ईस्ट इंडिया टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के सीनियर मैनेजर इमरान खान ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उद्योग बिहार में उनकी कंपनी का वेयरहाउस है। बीते 19 दिसंबर की रात्रि को यहां से 420 पीस इसी के पास चोरी हो गए। चोरी की जानकारी मिलने पर जब छानबीन कराई गई तो पता चला कि वेयरहाउस का स्टोर कीपर सतीश कुमार तथा आर्य लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट के ड्राइवर अंशु गंगवार द्वारा यह चोरी की गई है। उन्होंने ट्रांसपोर्ट कंपनी तथा सिक्योरिटी कर्मचारी की मिलीभगत की भी आशंका जताई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।